ePaper

Bihar News: विजिलेंस की पटना समेत तीन जिलों में छापेमारी, औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक के घर मिली अकूत संपत्ति

Updated at : 23 Nov 2025 2:46 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar News: विजिलेंस की पटना समेत तीन जिलों में छापेमारी, औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक के घर मिली अकूत संपत्ति

छापेमारी की जानकारी देते अधिकारी

Bihar News: औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक अनिल आजाद के निजी आवास समेत तीन ठिकानों पर छापेमारी हुई. अनिल आजाद पर एक करोड़ 18 लाख आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है. उनके घर से अकूत संपत्ति मिलने की सूचना आ रही है.

विज्ञापन

Bihar News: पटना. औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार के घर विजिलेंस की रेड हुई है.. रविवार की सुबह से पटना समेत तीन ठिकानों पर छापेमारी चल रही है. औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद पर आय से डेढ़ करोड़ अधिक संपत्ति रखने का आरोप है. इसी मामले में यह कार्रवाई हो रही है. विशेष निगरानी इकाई (SVU)की टीम ने औरंगाबाद, पटना और जहानाबाद में अनिल के ठिकानों पर रविवार को दबिश दी है.

आय से अधिक मिली संपत्ति

यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) जमा करने के गंभीर आरोपों पर की गई. निगरानी विभाग की टीम इन ठिकानों पर दस्तावेज, बैंक डिटेल और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है. अधिकारियों ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई तलाशी में मिले सबूतों के आधार पर तय की जाएगी. डीएसपी सुधीर की निगरानी में छापेमारी चल रही है. छापेमारी दल का नेतृत्व डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं और इसमें कई विशेषज्ञ अधिकारी भी शामिल हैं.

तीन जिलों में एक साथ छापेमारी में

विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर, SVU की टीम ने एक साथ औरंगाबाद, जहानाबाद और राजधानी पटना में उनके आवासीय और कार्यालय परिसरों में छापा मारा. औरंगाबाद में यह रेड आरोपी का सरकारी कार्यालय और सरकारी आवास पर चल रही है. वहीं जहानाबाद में पारिवारिक और निजी संपत्ति से जुड़े ठिकाने पर और पटना में उनके एक अन्य आवासीय परिसर और संबंधित लोकेशन पर यह कार्रवाई की जा रही है.

कई जगहों पर जमीन, कई बैंकों में खाते

छापे के दौरान बरामद होने वाले कैश, बैंक खातों, ज़मीन के कागज़ात और अन्य कीमती सामानों के मूल्यांकन के बाद अवैध संपत्ति का यह आंकड़ा बढ़ सकता है. विशेष निगरानी इकाई ने उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आज़ाद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में कांड संख्या- 26/2025 दर्ज किया है. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि अनिल कुमार आज़ाद ने एक लोक सेवक के रूप में अपनी सेवा अवधि के दौरान अवैध और जान बूझकर 1 करोड़ 58 लाख 45 हज़ार 888 रुपये की बेहिसाब संपत्ति अर्जित की है, जो उनके ज्ञात और कानूनी आय के स्रोतों से कहीं अधिक है.

Also Read: Bihar News: समस्तीपुर में बनी अगरबत्ती से सुगंधित होगा ओमान, मिथिला मखान के निर्यात पर भी चर्चा

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन