Tej Pratap Yadav: 'दो-दो बीवियां, दो-दो ससुराल’ वाले बयान पर भड़के तेजप्रताप, पूर्व IPS के खिलाफ थाने में दर्ज की शिकायत
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 05 Dec 2025 5:11 PM
तेज प्रताप यादव की फाइल फोटो
Tej Pratap Yadav: तेजप्रताप यादव और पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ दास के बीच विवाद अब थाने तक पहुंच गया है. तेजप्रताप ने अपनी निजी जिंदगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए पटना के सचिवालय थाना में पूर्व IPS के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
Tej Pratap Yadav: तेजप्रताप यादव और पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ कुमार दास के बीच शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है. जनशक्ति जनता दल के नेता और RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने गुरुवार को पटना के सचिवालय थाना में पूर्व IPS दास के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की.
अमिताभ दास ने मेरी छवि खराब करने की कोशिश की- तेजप्रताप
तेजप्रताप ने आरोप लगाया कि अमिताभ दास ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म न्यूज चैनल के माध्यम से उनकी छवि खराब करने की कोशिश की और उनके निजी व पारिवारिक मुद्दों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की. उन्होंने लिखा- ‘पूर्व IPS अमिताभ दास द्वारा मेरी निजी जिंदगी और परिवार के आंतरिक मामलों पर गलत, मनगढ़ंत और अपमानजनक बातें कही गईं. यह बेहद दुखद है और माफ करने योग्य नहीं.’
उन्होंने यह भी कहा कि दास की यह ‘उदंड प्रवृत्ति’ लगातार सामने आती रही है, इसलिए उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है. तेजप्रताप ने अपने पोस्ट में शबनम कांड का भी जिक्र करते हुए दास पर गंभीर आरोप लगाए.

अमिताभ दास ने दिया था ‘दो पत्नियों’ वाला बयान
दरअसल, विवाद की शुरुआत एक यूट्यूब इंटरव्यू से हुई, जिसमें 1994 बैच के पूर्व IPS अमिताभ कुमार दास ने तेजप्रताप यादव की निजी जिंदगी पर टिप्पणी की थी. एक सवाल के जवाब में दास ने तंज कसते हुए दावा किया कि तेजप्रताप की ‘दो बीवियां’ हैं- ऐश्वर्या राय और अनुष्का यादव. उन्होंने कहा कि तेजप्रताप अपने किसी भी ‘ससुराल’ में रह सकते हैं. यह टिप्पणी तेजप्रताप को बेहद नागवार गुजरी, जिसके बाद मामला और गरमाता गया.
वाई कैटेगरी सुरक्षा पर भी उठाए थे सवाल
इंटरव्यू के दौरान दास ने तेजप्रताप को मिली Y श्रेणी की सुरक्षा पर भी कटाक्ष किया था. उन्होंने कहा- ‘तेजप्रताप ने न आतंकियों से लोहा लिया है, न ही ऐसी कोई स्थिति है कि उन्हें वाई कैटेगरी की सुरक्षा दी जाए.” दास ने बिहार सरकार पर भी सवाल उठाया कि एक ओर उन्हें खतरा बताकर सुरक्षा दी जा रही है और दूसरी ओर उन्हें आवास खाली करने के लिए कहा जा रहा है.
लालू परिवार को एकजुट रहने की सलाह
इंटरव्यू में दास ने लालू परिवार की आंतरिक खींचतान पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि तेजप्रताप के चुनाव हारने के बाद उनके प्रतिद्वंदी को मंत्री बनाना ‘जले पर नमक छिड़कने’ जैसा है. साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि परिवार को इस समय तेजप्रताप का साथ देना चाहिए.
पत्रकार विवाद का भी उल्लेख
कुछ दिन पहले तेजप्रताप द्वारा पत्रकार को ‘दो मिनट के लिए बुलाने’ वाली टिप्पणी पर भी दास ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी और इसे ‘रंगदारों की भाषा’ बताया था. उन्होंने तेजप्रताप के पुराने विवादित व्यवहारों का भी उल्लेख किया.
Also Read: Bihar News: पटना के इन 12 इलाकों में 6 दिसंबर को चलेगा बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों पर दर्ज होगा मुकदमा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










