Bihar News: पटना में अवैध बालू मंडी पर आधी रात छापा, 28 ट्रैक्टर जब्त, माफियाओं पर 32 लाख का जुर्माना
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 09 Dec 2025 2:43 PM
पटना में अवैध बालू मंडी से 28 ट्रैक्टर जब्त
Bihar News: पटना में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन ने आधी रात बड़ी कार्रवाई की है. गृह मंत्री सम्राट चौधरी के आदेश के बाद दीघा में छापेमारी कर 28 ट्रैक्टर जब्त किए गए, एफआईआर दर्ज हुई और 32 लाख का जुर्माना लगाया गया. माफियाओं पर अब CCA में कार्रवाई की तैयारी है.
Bihar News: पटना में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू माफियाओं की कमर तोड़ दी है. सोमवार देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने दीघा थाना क्षेत्र में चल रही अवैध बालू मंडी पर अचानक छापेमारी की. रात 1 बजे की इस कार्रवाई ने उन गिरोहों में हड़कंप मचा दिया जो लंबे समय से रोड किनारे खुलेआम बालू की बिक्री कर रहे थे.
28 ट्रैक्टर जब्त, 32 लाख का जुर्माना
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 28 ट्रैक्टर (ट्रॉली समेत) जब्त किए. ट्रैक्टर मालिकों के खिलाफ दीघा थाना में एफआईआर दर्ज की गई और कुल 32 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. प्रशासन ने बताया कि ये वाहन बिना किसी वैध दस्तावेज के बालू की ढुलाई कर रहे थे और रात के अंधेरे में अवैध बिक्री का नेटवर्क चलाया जा रहा था.
CCA में होगी कार्रवाई
पटना डीएम त्यागराजन ने साफ कहा कि अब बालू माफिया, भू-माफिया और शराब माफिया पर CCA (Criminal Contract Act) में कार्रवाई होगी. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन आने वाले दिनों में अवैध खनन के खिलाफ स्पेशल ड्राइव चलाएगा. इसके लिए ड्रोन सर्विलांस, हाई-टेक बोट और मोबाइल टीमों की मदद ली जाएगी, ताकि नदियों से लेकर शहरों तक इस नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जा सके.
गृह मंत्री के निर्देश के बाद बढ़ी सख्ती
हाल ही में विधानसभा में गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि बिहार में अवैध खनन और माफिया गतिविधियों पर ‘‘बुलडोजर’’ चलेगा. उसी के तहत यह कार्रवाई शुरू की गई है. प्रशासन का कहना है कि किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा और पकड़े जाने पर दोषियों को कड़ी कानूनी सजा मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










