ePaper

Bihar News: काल बन कर पटना की सड़कों पर दौड़ रही नगर निगम की गाड़ियां, होली बाद पुलिस करेंगी जब्त

Updated at : 06 Mar 2025 2:55 AM (IST)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

Bihar News: पटना की सड़कों पर नगर निगम की खटारा गाड़ियां दौड़ रही है. होली बाद यातायात पुलिस अभियान चलाकर नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों पर कार्रवाई करेगी.

विज्ञापन

Bihar News: पटना की सड़कों पर काल बन कर नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियां घूम रही हैं. खास बात यह है कि अधिकांश गाड़ियां जर्जर हैं और उन पर नंबर प्लेट तक नहीं है. दिन हो या रात काफी तेजी से चालक कचरा गाड़ी को लेकर आते-जाते हैं और हमेशा दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. कई बार नगर निगम की कचरा गाड़ियों से दुर्घटना में मौत भी हो चुकी है. एक तरह से नगर निगम की गाड़ियां पूरी तरह से मोटर व्हीकल एक्ट की धज्जियां उड़ा रही हैं, बावजूद नगर निगम प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है. जबकि यातायात विभाग पटना की ओर से कई बार पत्राचार कर नगर निगम को जानकारी दी जा चुकी है. लेकिन अब यातायात विभाग ने नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों पर कार्रवाई करने का मन बना लिया है और होली के बाद अभियान चलाया जायेगा. जिन वाहनों के पर्याप्त कागजात नहीं होंगे, उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जायेगी.

तेज हॉर्न बजाते हुए सड़क पर चलती हैं कचरा उठाने वाली गाड़ियां

कचरा उठाने वाली गाड़ी के चालक लापरवाही से तेज गति से हॉर्न बजाते हुए सड़कों से गुजरते हैं. इस कारण लोगों में भय का माहौल हो जाता है. नगर निगम की गाड़ियों से हादसे होने के बाद हंगामा होता है, लेकिन दो-चार दिनों में मामला शांत हो जाता है. न तो नगर निगम और न ही यातायात विभाग इस पर कार्रवाई करता है. जगनपुरा में छात्रा आस्था की नगर निगम की गाड़ी से कुचलने के बाद लापरवाही व तेज रफ्तार में चलाने को लेकर सवाल उठे थे. लेकिन घटना के एक माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई.

पटना नगर निगम की गाड़ियों से हुए कुछ हादसे

  • 30 जनवरी 2025: कंकड़बाग और रामकृष्णा नगर थाना के बॉर्डर न्यू बाइपास पर नगर निगम के डंपर ने स्कूटी सवार छात्रा आस्था को कुचल दिया था, जिसके कारण उसकी घटनास्थल पर मौत हो गयी थी. चालक निकल भागने में सफल रहा था. लेकिन लोगों ने जमकर हंगामा किया था.
  • 20 अगस्त 2024: सचिवालय थाने के यारपुर पुल पर नगर निगम की हाइवा गाड़ी ने ऑटो में टक्कर मार दी थी. इस घटना में ऑटो में सवार छह में से एक की मौत हो गयी थी और पांच गंभीर रूप से घायल हो गये थे. मरने वाला वैशाली निवासी कुमार गौरव था.
  • 19 जुलाई 2024: पत्रकार नगर थाने के बहादुरपुर धनुष पुल पर नगर निगम की गाड़ी ने साइकिल सवार युवक को कुचल दिया था, जिसमें युवक की मौत हो गयी थी. इसके बाद लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ भी की थी.
  • 4 अप्रैल 2024: बाइपास थाना क्षेत्र के गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ में पटना नगर निगम की कचरा गाड़ी और इ-रिक्शा में आमने-सामने टक्कर हुई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गयी थी.

क्या कहते हैं ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान

1.सवाल- नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ी काफी रफ्तार से चलती है और दुर्घटना का कारण बनती है?
जवाब- ट्रैफिक एसपी- घटना के बाद गाड़ियों को जब्त किया गया है और चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.

2.सवाल- नगर निगम की अधिकांश गाड़ियां जर्जर हैं और नंबर प्लेट तक नहीं है?
जवाब- ट्रैफिक एसपी- इस संबंध में कई बार नगर निगम को पत्राचार कर जानकारी दी जा चुकी है. लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गयी है.
3.सवाल- यातायात पुलिस प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई होगी?
जवाब- ट्रैफिक एसपी-होली के बाद अभियान चलाया जायेगा और जिन गाड़ियों पर नंबर प्लेट, फिटनेस या अन्य कागजात नहीं होंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

Also Read: Bihar News: बिजली के तार की चपेट में आने से गया के दो बच्चों सहित चार की मौत, नवादा के नादरीगंज में हुई घटना

विज्ञापन
Radheshyam Kushwaha

लेखक के बारे में

By Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन