बिहार में सम्राट चौधरी की ताजपोशी आज, पहली बार BJP का CM, 11 बजे शपथ

सम्राट चौधरी
Bihar New CM Oath Ceremony: बिहार की राजनीति आज एक ऐतिहासिक मोड़ पर है. भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी सुबह 11 बजे पटना के लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. यह पहली बार है जब बीजेपी का कोई नेता बिहार की कमान संभालेगे. इस बड़े राजनीतिक बदलाव को लेकर राजधानी में हलचल तेज है और हर नजर इस शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हुई है.
Bihar New CM Oath Ceremony: बिहार की राजनीति में आज वह पल आने वाला है जिसका इंतजार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को दशकों से था. राज्य के सियासी इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है क्योंकि आज सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. यह पहला मौका है जब बिहार की सत्ता की चाबी सीधे तौर पर बीजेपी के हाथ में होगी.
सुबह करीब 11:00 बजे पटना के लोक भवन में आयोजित होने वाले इस गरिमामय समारोह पर न सिर्फ बिहार, बल्कि पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं.
सत्ता का नया गणित, बदला पुराना फॉर्मूला
इस बार सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदल गया है. पहले जहां नीतीश कुमार के नेतृत्व में जेडीयू के मुख्यमंत्री और बीजेपी के दो उपमुख्यमंत्री होते थे,अब तस्वीर उलट गई है. बीजेपी के मुख्यमंत्री के साथ जेडीयू के दो डिप्टी सीएम होंगे. विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी आज उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.
पंचमुखी हनुमान मंदिर जाएंगे सम्राट चौधरी
अपने जीवन के सबसे बड़े राजनीतिक पड़ाव पर कदम रखने से पहले सम्राट चौधरी अपनी आध्यात्मिक जड़ों को नमन करना नहीं भूले हैं. जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण से ठीक पहले वे पटना के प्रसिद्ध पंचरूपी हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और अपनी नई पारी के लिए आशीर्वाद लेंगे.
इसके बाद वह सीधे लोक भवन पहुंचेंगे जहां राज्यपाल उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. इस सादगीपूर्ण समारोह को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे पटना को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि वीआईपी मूवमेंट में कोई बाधा न आए.
दिग्गजों का जमावड़ा
यह समारोह केवल शपथ ग्रहण नहीं, बल्कि एनडीए की ताकत का प्रदर्शन भी माना जा रहा है. इस मौके पर जेपी नड्डा, नितिन नवीन, शिवराज सिंह चौहान, बी.एल. संतोष और विनोद तावड़े जैसे नेता मौजूद रहेंगे. नीतीश कुमार, ललन सिंह, संजय झा, जीतन राम मांझी और चिराग पासवान भी शामिल होंगे.
शपथ ग्रहण समारोह को सादगीपूर्ण रखा गया है और सीमित मंत्रियों को ही शपथ दिलाई जाएगी, लेकिन इसके पीछे बड़ी राजनीतिक रणनीति मानी जा रही है. जल्द ही कैबिनेट विस्तार की संभावना है, जिसमें नरेंद्र मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में बड़ा संदेश दिया जा सकता है.
दुल्हन सा सजा BJP मुख्यालय
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे सम्राट चौधरी के स्वागत में पटना स्थित बीजेपी मुख्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है. बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है, ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है.
शपथ लेने के तुरंत बाद सम्राट चौधरी सीधे बीजेपी मुख्यालय पहुंच सकते है, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. इस मौके को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी दफ्तर को विशेष रूप से सजाया गया है और कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है.
Also Read: बिहार में नई सरकार का फॉर्मूला तैयार, सम्राट चौधरी के साथ दो उपमुख्यमंत्री लेंगे शपथ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




