AISA अध्यक्ष नेहा का पटना दौरा आज, बेऊर जेल में गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों से मुलाकात, रिहाई के लिए गृह सचिव संग करेंगी मीटिंग
AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा की तस्वीर, पुलिस वैन में गिरफ्तार प्रदर्शनकारी
NEET Paper Leak FIR : AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा आज पटना का दौरा करेंगी. वे गिरफ्तार छात्र-युवा नेताओं से मुलाकात करेंगी और उनकी रिहाई की मांग करेंगी. इसके लिए गृह सचिव से भी मुलाकात प्रस्तावित है.
NEET Paper Leak FIR : नीट पेपर लीक और पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में 22 और 25 जुलाई को प्रदर्शन छात्रों ने प्रदर्शन किया था. पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हुई थी. दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई थी. इस मामले में अब प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. पुलिस प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर रही है. इसी बीच जानकारी सामने आ रही है कि गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की रिहाई की मांग को लेकर AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा आज पटना आएंगी.
AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा आएंगी पटना
सोशल मीडिया पर जारी पोस्टर के अनुसार, पेपर लीक आंदोलन से जुड़ी प्रमुख छात्र नेता और AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा 27 जुलाई को पटना दौरे पर रहेंगी. इस दौरान वे गिरफ्तार छात्रों की रिहाई, मुकदमों की वापसी और छात्र-युवा नेताओं से मुलाकात समेत कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी.

पटना में दिनभर कई कार्यक्रमों में होंगी शामिल
जारी कार्यक्रम के अनुसार AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा 27 जुलाई को पटना पहुंचेंगी. पोस्टर में बताया गया है कि उनका दौरा पेपर लीक आंदोलन और गिरफ्तार छात्र-युवा नेताओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा. साथ ही गिरफ्तार साथियों की रिहाई और दर्ज मुकदमों की वापसी की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी.
दोपहर 1 बजे बेउर जेल में करेंगी मुलाकात
कार्यक्रम के अनुसार नेहा दोपहर 1:00 बजे बेउर जेल जाकर गिरफ्तार छात्र-युवा नेताओं से मुलाकात करेंगी. इस दौरान वे उनकी स्थिति की जानकारी लेंगी और आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगी.
3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस और छात्रों-अभिभावकों से संवाद
दोपहर 3:00 बजे विधायक आवास (213, वीरचंद पटेल पथ) में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी. इसके बाद नेहा छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से भी मुलाकात करेंगी तथा आंदोलन से जुड़े विषयों पर बातचीत करेंगी.
गृह सचिव से भी होगी मुलाकात
कार्यक्रम के अनुसार शाम 5:00 बजे बिहार के गृह सचिव से मुलाकात प्रस्तावित है. इस बैठक में गिरफ्तार साथियों की रिहाई और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की वापसी के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी. आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्षन नेहा सभी प्रदर्शनकारियों पर हुए मुकदमे को वापस लेने और गिरफ्तार छात्रों को रिहा करने की मांग गृह सचिव से करेंगी.
प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर रही पुलिस
पटना में 22 और 25 जुलाई को हुए प्रदर्शन को लेकर कई सारे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. पुलिस की माने तो, कई फुटेज, वीडियोज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान की गई. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है. कुछ दिनों पहले ही 117 संदिग्धों की तस्वीरें भी जारी की गई थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए