यूट्यूब से लिया आइडिया, कस्टम अफसर बन 20 करोड़ का सोना उड़ाया, पटना में हाईटेक लूट का पर्दाफाश

Updated:
विज्ञापन
patna gold loot

पुलिस के गिरफ्त में अपराधी

Patna Gold Loot News: पटना में कस्टम अधिकारी बनकर 20 करोड़ का सोना लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि बाकी की तलाश में छापेमारी जारी है.

विज्ञापन

Patna Gold Loot News: पटना में कस्टम अधिकारी बनकर करीब 14.900 किलोग्राम सोना लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि मेहंदीगंज थाना क्षेत्र से अमरनाथ उर्फ गोपी, आदित्य गिरी उर्फ सोनी और संजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से सोना, नकदी और हथियार भी बरामद हुए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 5.400 ग्राम सोना, 9 राउंड गोली और करीब 1.97 लाख रुपये कैश बरामद किया गया है.

डेढ़ साल तक की रेकी, डायरी में रखते थे हिसाब

जांच में खुलासा हुआ है कि बदमाश पिछले डेढ़ साल से कारोबारी की रेकी कर रहे थे. वे उसकी हर गतिविधि पर नजर रखते थे और एक डायरी में आने-जाने का पूरी डिटेल लिखते थे. घटना के बाद सबूत मिटाने के लिए उस डायरी को जला दिया गया.

यूट्यूब से सीखी थी ‘कस्टम अधिकारी’ बनने की चाल

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने यूट्यूब देखकर खुद को कस्टम अधिकारी जैसा दिखाने की योजना बनाई थी. सफेद शर्ट और खाकी पैंट पहनकर उन्होंने पूरा प्लान तैयार किया ताकि किसी को शक न हो.

मुख्य सरगना पहले भी जा चुका है जेल

इस लूटकांड का मास्टरमाइंड अमरनाथ उर्फ गोपी है, जो पहले भी डकैती के मामलों में जेल जा चुका है. उसी ने पूरी वारदात की योजना बनाई थी, जबकि गुड्डू नाम के शख्स ने गाड़ी उपलब्ध कराई थी. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश नौबतपुर भागे और वहां से ट्रेन पकड़कर फरार हो गए. इस कांड में कुल 8 से 9 अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है.

कैसे हुई थी 20 करोड़ की लूट

दरअसल, गुजरात के राजकोट निवासी महेश मामतोरा और उनके साथी अहमदाबाद से पटना पहुंचे थे. वे सोने के जेवर लेकर बाकरगंज जा रहे थे. खगौल ओवरब्रिज पर पुलिस स्टीकर लगी कार और बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. खुद को कस्टम अधिकारी बताकर जांच के नाम पर तीनों बैग जब्त कर लिए और फरार हो गए. लूटे गए सोने की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और दूसरे राज्यों में भी छापेमारी की जा रही है. इस मामले का खुलासा होने के बाद पटना पुलिस की कार्रवाई की सराहना हो रही है, लेकिन साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं.

Also Read: नीतीश की शपथ पर तेजस्वी का तंज, बोले- दबाव में हैं, जबरदस्ती राज्यसभा भेजे जा रहे

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन