पटना: मिठाई खिलाने का झांसा देकर आठ माह के बच्चे को लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

Updated:
विज्ञापन

थाना में परिजन

मनेर में मिठाई खिलाने का झांसा देकर एक युवक आठ माह के बच्चे को अगवा कर ले गया. परिजनों की सूचना पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चे और आरोपी की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Patna News : पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के तिवारी टोला मोहल्ले से आठ माह के दुधमुंहे बच्चे को मिठाई खिलाने का बहाना बनाकर एक युवक लेकर फरार हो गया. घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया. पीड़ित परिवार ने मनेर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चे और आरोपी युवक की तलाश में जुटी है.

किराये के मकान में रहता है पीड़ित

जानकारी के अनुसार मनेर रामबाद निवासी रामप्रवेश साह के दामाद भोला साव अपनी पत्नी आरती देवी के साथ देवी स्थान चौराहा के पास किराये के मकान में रहते थे. उनके बगल के कमरे में यूपी का रहने वाला विशाल उर्फ शमीम भी रहता था. चार दिन पहले भोला साव का परिवार देवी स्थान स्थित मकान खाली कर तिवारी टोला में पूर्व विधायक श्रीकांत निराला के आवास के समीप रामबाद निवासी सिपाही जी के मकान में रहने लगा था.

मिठाई खिलाने के बहाने बच्चे को ले गया

परिजनों के अनुसार सोमवार की सुबह विशाल उर्फ शमीम उनके घर पहुंचा और आठ माह के बच्चे को दुलार करने लगा. उसने बच्चे को बाजार से मिठाई खिलाकर लाने की बात कही. इसके बाद वह आठ माह के बच्चे और परिवार के 10 वर्षीय एक अन्य बच्चे को साथ लेकर पड़ाव स्थित मिठाई की दुकान पर पहुंचा.

आरोप है कि मिठाई खिलाने के बाद विशाल ने 10 वर्षीय बच्चे से कहा कि वह मिठाई खाए, जबकि वह छोटे बच्चे के लिए कपड़े खरीदकर बाजार से लौट रहा है. इसके बाद वह आठ माह के बच्चे को लेकर वहां से चला गया. काफी देर तक युवक के वापस नहीं लौटने पर 10 वर्षीय बच्चा घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.

मोबाइल बंद, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर

परिजनों ने युवक की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला. इसके बाद परिजनों ने मनेर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस

इधर, मिठाई दुकान के सीसीटीवी कैमरे में बच्चे के साथ युवक के पहुंचने और मिठाई खिलाने की तस्वीरें कैद हुई हैं. फुटेज में युवक ब्लू रंग की शर्ट और पैंट पहने दिखाई दे रहा है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस तकनीकी टीम की मदद से आरोपी युवक के मोबाइल लोकेशन समेत अन्य जानकारी जुटाने में लगी है. पुलिस का कहना है कि बच्चे की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है.


विज्ञापन
Suaib Khan Maner

लेखक के बारे में

By Suaib Khan Maner

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन