ePaper

पप्पू यादव को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली, जदयू ने केंद्र का षड्यंत्र बताया

Updated at : 29 Jul 2015 10:28 PM (IST)
विज्ञापन
पप्पू यादव को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली, जदयू ने केंद्र का षड्यंत्र बताया

नयी दिल्ली : राजद के पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है. केंद्र ने एक हफ्ते पहले ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को जेड प्लस सुरक्षा दी थी. राज्य में चुनाव से कई महीने पहले यह कदम उठाया गया है. भाजपा नीत राजग पप्पू […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : राजद के पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है. केंद्र ने एक हफ्ते पहले ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को जेड प्लस सुरक्षा दी थी. राज्य में चुनाव से कई महीने पहले यह कदम उठाया गया है. भाजपा नीत राजग पप्पू यादव को अपने खेमे में करने के प्रयास में है जो पूर्णिया…मधेपुरा क्षेत्र में अपने समुदाय के प्रभावशाली नेता हैं.

अपने विरोधियों को सुरक्षा कवच दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जनता दल यूनाईटेड ने इसे षड्यंत्र बताया और केंद्र पर राज्य के मामलों में सीधे हस्तक्षेप के आरोप लगाए. बिहार के मुख्य सचिव को लिखे पत्र में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि राज्य सरकार से आग्रह किया जाता है कि राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी जाए. उनके राजनीतिक विरोधियों, अपराधियों, भाकपा (माओवादी) और बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उन्हें यह सुरक्षा देने का आग्रह किया गया.

पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के लिए इस वर्ष मई में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से छह वर्षों के लिए निष्कासित यादव ने जनक्रांति अधिकार मोर्चा नाम से नए राजनीतिक संगठन की शुरुआत की. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अपने पत्र में कहा कि पप्पू यादव की सुरक्षा व्यवस्था के सिलसिले में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मंत्रालय में चर्चा हुई.

गृह मंत्रालय ने 27 जुलाई को अपने पत्र में कहा, उनकी रिपोर्ट के मुताबिक पप्पू यादव को राजनीतिक विरोधियों, अपराधियों और भाकपा (माओवादी) से खतरे को देखते हुए और साथ ही आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य सरकार उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त की सूची में रख सकती है और उन्हें वाई श्रेणी की संपूर्ण सुरक्षा मुहैया कराई जाए.

मंत्रालय ने कहा, इसलिए बिहार सरकार से आग्रह किया जाता है कि राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी जाए और तुरंत उन्हें यह सुरक्षा मुहैया कराई जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके. इस पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए जद यू के महासचिव के. सी. त्यागी ने कहा, मांझी को जेड प्लस सुरक्षा देने के बाद अब पप्पू यादव को वाई श्रेणी की सुरक्षा देने की बारी है. राज्य से सलाह के बगैर केंद्र यह सब कैसे कर सकता है.

त्यागी ने कहा, जद यू और राजद के दूसरे बागी नेताओं को भी केंद्र पहले इस तरह की सुरक्षा मुहैया करा चुका है. यह राज्य सरकार के खिलाफ एक तरह का षड्यंत्र है. मैं पप्पू यादव को दी गई सुरक्षा की कडी निंदा करता हूं.

करीब एक हफ्ते पहले मांझी को जेड प्लस की सुरक्षा दी गई जिन्हें बिहार के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया था. बाद में उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) बना ली थी. मांझी ने बाद में राजग से गठबंधन कर लिया और दोनों के बीच सीटों का बंटवारा बाद में होने की उम्मीद है. बिहार में 243 सीटों पर कई चरणों में चुनाव होने की संभावना है और चुनाव अक्तूबर…नवंबर में कराए जा सकते हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन