पीयू छात्र संघ चुनाव : एक-एक छात्र तक पहुंचने की हो रही कोशिश, हर प्रत्याशी चला रहा जनसंपर्क अभियान
Updated at : 04 Dec 2019 5:45 AM (IST)
विज्ञापन

पटना : पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में चार दिन बाकी रह गये हैं, हर प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुट गया है. प्रत्याशियों में एक-एक वोटर तक पहुंचने की होड़ चल रही है. दिन में कैंपस परिसर तो रात में हॉस्टलों में अभियान चलाये जा रहे हैं. कैंपस पूरी तरह से चुनावी रंग में रंग चुका […]
विज्ञापन
पटना : पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में चार दिन बाकी रह गये हैं, हर प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुट गया है. प्रत्याशियों में एक-एक वोटर तक पहुंचने की होड़ चल रही है. दिन में कैंपस परिसर तो रात में हॉस्टलों में अभियान चलाये जा रहे हैं. कैंपस पूरी तरह से चुनावी रंग में रंग चुका है.
यहां तक कि ये उम्मीदवार प्राइवेट हॉस्टलों में भी पहुंच रहे हैं और लगभग पूरे पटना में विभिन्न स्थानों पर मौजूद हॉस्टलों में भी जाकर या फिर फोन से संवाद स्थापित कर रहे हैं. कॉलेजों में क्लास में घूम-घूम कर पर्चियां बांटी जा रही है. कोई हाथ जोड़कर वोट मांग रहा तो किसी के हाथ में पैंपलेट है. सबसे अधिक भीड़ मगध महिला कॉलेज व वीमेंस कॉलेज की गेट पर दिख रही है. इन दोनों कालेजों में छात्र नेताओं को क्लास रूम में जाने की अनुमति नहीं है. बाहर ही जो छात्राएं आ रही हैं, उनके बीच कैंपेनिंग चल रहा है.
पटना विश्वविद्यालय में प्रेसिडेंसियल डीबेट पांच दिसंबर को
पटना विश्वविद्यालय में प्रेसिडेंसियल डीबेट पांच दिसंबर को 12.30 बजे पटना कॉलेज मैदान में आयोजित किया जायेगा. इस मौके पर अध्यक्ष पद के सभी प्रत्याशी अपनी बात और अपने मुद्दों को रखेंगे. चुनाव को लेकर पटना विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा भी तैयारी की जा रही है. एक तरफ प्रचार तो दूसरी तरफ चुनाव अधिकारी विभिन्न कॉलेजों में घूमकर बूथों का जायजा ले रहे हैं. बूथों का निर्धारण एक-दो दिन में होगा.
वोट डालने पर मिलेंगे पांच अटेंडेंस
छात्रों को वोटिंग के प्रति जागरूक करने को लेकर पटना विश्वविद्यालय ने एक अच्छी पहल की है. वोट डालने पर हर छात्र को पांच एटेंडेंस मिलेंगे. यह छात्र को परीक्षा के फॉर्म भरने में काम आयेंगे.
चुनाव को लेकर आइसा ने निकाली रैली
पटना. आइसा ने पटना विवि छात्र संघ चुनाव को लेकर छात्र संघ-दावेदारी रैली निकाली, जो सायंस कॉलेज, पटना कॉलेज, दरभंगा हाउस, बीएन कॉलेज होते हुए मगध महिला कॉलेज पहुंची. रैली का नेतृत्व आइसा पैनल के अध्यक्ष पद की उम्मीदवार प्राची, महासचिव पद के उम्मीदवार अपूर्व प्रकाश झा, कोषाध्यक्ष पद की उम्मीदवार कोमल कुमारी और उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार गुलाब रब्बानी कर रहे थे. मगध महिला कॉलेज पहुंचने के बाद संबोधित किया.
पटना विवि छात्रसंघ चुनाव पर बीएन कॉलेज में प्रभात खबर का कार्यक्रम आज
पटना. पटना विश्वविद्यालय के बीएन कॉलेज सभागार में मंगलवार को दोपहर 12 प्रभात खबर की ओर से ‘छात्र संघ चुनाव और छात्रों के मुद्दे’ विषय पर एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. इसमें छात्र संघ चुनाव में खड़े अध्यक्ष पद व अन्य प्रत्याशी अपनी बात रखेंगे. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो रास बिहारी सिंह होंगे. कार्यक्रम में बीएन कॉलेज के प्राचार्य प्रो राजकिशोर प्रसाद सिंह, डीएसडब्ल्यू प्रो एनके झा समेत कई अधिकारी, शिक्षक, छात्र मौजूद रहेंगे.
छात्र जदयू ने पीयू को केंद्रीय विवि बनाने को बनाया मुद्दा
पटना. पटना विवि छात्र संघ चुनाव में छात्र जदयू अपनी पिछली सफलता को दुहराने की कोशिश में जुटा है. छात्र जदयू के प्रदेश अध्यक्ष श्याम पटेल ने कहा कि पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में छात्र जदयू आम छात्र-छात्राओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए पटना विवि को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की दिशा में काम करेगा. छात्र जदयू पटना विवि को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने तक हर केंद्रीय मंत्री का घेराव करेगा.
सीवाइएसएस ने चलाया जनसंपर्क अभियान
पटना. सीवाइएसएस के उपाध्यक्ष प्रत्याशी सचिन मिश्रा के समर्थन में संगठन ने वाणिज्य महाविद्यालय, मगध महिला कॉलेज, पटना सायंस कॉलेज, लॉ कॉलेज में कैंपेनिंग की. कैंपेनिंग में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सचिन मिश्रा को उपाध्यक्ष पद पर लाने की प्रतिज्ञा की, सचिन मिश्रा ने कैंपेनिंग के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय वर्तमान में शैक्षणिक माहौल से भटक कर भ्रष्टाचार व अराजकता का केंद्र बन चुका है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




