बाढ़/पटना : ट्रेन से शराब उतार रहे तस्करों ने एस्कॉर्ट पर की फायरिंग
Updated at : 05 Jun 2019 9:23 AM (IST)
विज्ञापन

मोकामा व बाढ़ स्टेशनों के बीच शहरी हॉल्ट की घटना बाढ़/पटना : हावड़ा से इलाहाबाद जाने वाली 12333 विभूति एक्सप्रेस शराब तस्करों के लिए काफी मुफीद हो गयी है. यह ट्रेन अहले सुबह मोकामा-बाढ़ स्टेशन होकर गुजरती है, जिसका फायदा उठा कर शराब तस्कर चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक शराब की तस्करी करते हैं. […]
विज्ञापन
मोकामा व बाढ़ स्टेशनों के बीच शहरी हॉल्ट की घटना
बाढ़/पटना : हावड़ा से इलाहाबाद जाने वाली 12333 विभूति एक्सप्रेस शराब तस्करों के लिए काफी मुफीद हो गयी है. यह ट्रेन अहले सुबह मोकामा-बाढ़ स्टेशन होकर गुजरती है, जिसका फायदा उठा कर शराब तस्कर चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक शराब की तस्करी करते हैं.
विभूति एक्सप्रेस से शराब की खेप लाने वाले शराब माफिया मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे शहरी हॉल्ट के पास चेन पुलिंग कर शराब की खेप उतारने लगे. नजर पड़ने पर आरपीएफ एस्कॉर्ट पार्टी के जवानों ने शराब माफियाओं को पकड़ने की कोशिश की, तो जवाब में माफियाओं ने सुरक्षा बलों पर पहले पत्थरबाजी और फिर फायरिंग शुरू कर दी.
हालांकि फायरिंग से पुलिस के जवानों को किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है, लेकिन खुद की सुरक्षा के लिए आरपीएफ के जवानों ने पांच से छह राउंड हवाई फायरिंग की. इस बीच शराब माफिया अंधेरे का फायदा उठा कर भाग निकले. ट्रेन में एस्कॉर्ट पार्टी के इंचार्ज अनुरंजन प्रसाद सिंह के बयान पर इस मामले में रेल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. उन्होंने बताया कि राजेंद्र नगर स्टेशन से झाझा व वापसी में झाझा से पटना जंक्शन रूट तक उनकी ड्यूटी थी. शराब माफिया की ओर से पत्थरबाजी व फायरिंग होने पर जवाब में उनको भी छह राउंड फायरिंग करनी पड़ी. इस फायरिंग से ट्रेन में सवार यात्री भी काफी डर गये. गोलियों की आवाज सुन कुछ देर के लिए यात्री सीट के नीचे छिप गये, तो कुछ यात्रियों ने जाकर ट्रेन का दरवाजा बंद कर दिया.
10 मिनट हॉल्ट पर रुकी रही ट्रेन
यह घटना रेल पोल संख्या 478 और 79 के आसपास की है. विभूति एक्सप्रेस करीब 10 मिनट तक हॉल्ट पर ही खड़ी रही. बाद में ट्रेन की सुरक्षा में चल रहे आरपीएफ के जवानों ने इसकी सूचना बड़े पदाधिकारियों को दी.
घटना की सूचना पाकर आरपीएफ के कमांडेंट डॉ बीसी नागार्जुन, रेल एसपी सुजीत कुमार, पीएसपी भगवान गुप्ता, मोकामा रेल इंस्पेक्टर सुशील कुमार, बाढ़ रेल पुलिस थाना अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह और रेल पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचे. यहां से रेल पुलिस को एक दो गोली के खोखे भी बरामद हुए हैं. रेल डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने शराब माफियाओं को चिह्नित कर लिया है. साथ ही अज्ञात शराब माफिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराये जाने की कवायद चल रही है.
गत महीने भी इसी तरह लाल किला एक्सप्रेस ट्रेन को शराब माफिया ने निशाना बनाते हुए पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की थी. पुलिस के सहयोग से शराब माफिया का घेराव करते हुए शराब की खेप के साथ तीन शराब माफियाओं को गिरफ्तार भी किया गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




