बिहार : पीयू छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह, छात्र-छात्राओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :10 Apr 2018 8:08 AM (IST)
विज्ञापन

पटना : पटना विश्वविद्यालय की ओर से आनन-फानन में बुलाये गये छात्र संघ चुनाव के शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को हंगामे और लाठीचार्ज के बीच संपन्न हुआ. अध्यक्ष के रूप में दिव्यांशु भारद्वाज व उपाध्यक्ष के रूप में योशिता पटवर्द्धन को लेकर विवाद था, उन्होंने भी शपथ लिया. उनके साथ सेंट्रल पैनल के अन्य दो […]
विज्ञापन
पटना : पटना विश्वविद्यालय की ओर से आनन-फानन में बुलाये गये छात्र संघ चुनाव के शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को हंगामे और लाठीचार्ज के बीच संपन्न हुआ. अध्यक्ष के रूप में दिव्यांशु भारद्वाज व उपाध्यक्ष के रूप में योशिता पटवर्द्धन को लेकर विवाद था, उन्होंने भी शपथ लिया. उनके साथ सेंट्रल पैनल के अन्य दो सदस्यों समेत कई काउंसेलरों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी.
जबकि, वहां मंच से ज्वाइंट सेक्रेटरी आजाद चांद व कई अन्य काउंसेलरों ने शपथ ग्रहण का बहिष्कार कर दिया और समारोह के दौरान भी जम कर हंगामा किया.
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूरा विवि कैंपस रणक्षेत्र में बदल गया था. पुलिस ने छात्र-छात्राओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और गेट के बाहर खदेड़ दिया. इस दौरान सात छात्र-छात्राएं घायल हो गयी, जिनका पीएमसीएच में इलाज चल रहा है. इधर, इस मामले में कुलानुशासक के बयान पर पीरबहोर थाने में 250 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
शपथ ग्रहण से पहले से ही शुरू हो गया था विरोध : शपथ ग्रहण सुबह नौ बजे से होना था, लेकिन उससे पहले ही विभिन्न छात्र संगठनों के छात्र इस शपथ ग्रहण का विरोध करने पहुंच गये थे.
छात्रों की विरोध की वजह से करीब एक घंटे तक शपथ ग्रहण समारोह शुरू नहीं हो सका. तब तक बड़ी संख्या में वहां पुलिस बल पहुंच गयी थी. पहले पुलिस की ओर से छात्रों को काफी समझाया गया, लेकिन छात्र मान नहीं रहे थे. विरोध करनेवाले छात्र वहां सीनेट हॉल के बाहर धरने पर बैठ गये.
सीनेट हॉल का गेट खुलते ही हंगामा : करीब दस बजे जैसे ही व्हीलर सीनेट हॉल का मुख्य गेट समारोह के लिए खोला जाने लगा, वैसे ही छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और उसके बाद जबरन गेट बंद कराने लगे.
इसके साथ ही छात्र वहीं धरने पर बैठ गये. इसके बाद पुलिस ने उन पर बल प्रयोग कर दिया और छात्रों पर लाठीचार्ज शुरू कर दी. हर तरफ पुलिस ने छात्रों को जम कर पीटा, तो विरोध में छात्र भी पुलिस के जवानों पर ईंट व पत्थर फेंकने लगे. इसके बाद पुलिस और भड़क गयी और छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया. साथ ही छात्रों को खदेड़ते हुए विवि के गेट के बाहर कर दिया और गेट को बंद कर दिया.
अशोक राजपथ पर भी बवाल
इसके बाद छात्र बाहर सड़क पर ही हंगामा और तोड़-फोड़ करने लगे. गुस्साए छात्रों ने विवि के ठीक सामने अशोक राजपथ पर जा रही एक बस का शीशा भी तोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने वहां भी बल का प्रयोग करते हुए छात्रों की जम कर धुनाई कर दी. अशोक राजपथ पर मगध महिला कॉलेज की एक छात्रा व काउंसेलर भाग्य भारती बेहोश हो गयी. उसे गंभीर अवस्था में पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर सियासत गरमायी
पटना : पटना यूनिवर्सिटी के छात्रों पर बल प्रयोग करने को लेकर सियासत गरमा गयी है. इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अमानवीय होने का आरोप लगाया है. इधर, प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार आशीष व व एनएसयूआइ अध्यक्ष चुन्नू सिंह ने भी लाठीचार्ज की निंदा की है.
लाठीचार्ज के विरोध में आज बंद रहेगा पीयू
पटना विश्वविद्यालय में आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं पर आज बर्बर लाठीचार्ज की वजह से कई छात्र गंभीर रूप घायल हो गये. इसके विरोध में विभिन्न छात्र संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए मंगलवार को पीयू बंद का ऐलान किया है. छात्रों ने लाठीचार्ज के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन की भी चेतावनी दी है.
छात्र नेताओं ने कड़े शब्दों में की निंदा
छात्र संगठनों के नेताओं ने कड़े शब्दों में इस लाठीचार्ज की निंदा भी की है. संयुक्त सचिव पद पर शपथ से इंकार करने वाले आजाद चांद ने कहा कि कुलपति स्वतंत्र नहीं है. उनपर दबाव है और विवि के लोकतंत्र को उन्होंने गिरवी रख दिया है. छात्रों का विवि प्रशासन पर से विश्वास उठ गया है.
पूर्व उपाध्यक्ष अंशुमान व सचिव अनुप्रिया ने भी इसकी निंदा की है. वहीं अनुप्रिया ने कहा कि लोकतंत्र की पाठशाला में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्र नेताओं पर लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










