ePaper

Patna News: सावधान पटना,अब नो-पार्किंग में गाड़ी खड़ी की तो सीधे मोबाइल पर आएगा मैसेज, कटेगा चलान

Updated at : 24 Jan 2026 9:05 AM (IST)
विज्ञापन
AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

Patna News: पटना में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़े हाई रेजोल्यूशन कैमरों की मदद से नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर ऑटोमेटिक चालान जारी किए जा रहे हैं. जिन इलाकों में ये विशेष कैमरे नहीं लगे हैं, वहां सर्विलांस कैमरों से ली गई तस्वीरों के आधार पर ट्रैफिक पुलिस को सूचनाएं भेजी जा रही हैं और उसी आधार पर कार्रवाई हो रही है.

विज्ञापन

Patna News: पटना में अब सड़क किनारे मनमानी पार्किंग करना महंगा पड़ने वाला है. अगर आपकी गाड़ी नो-पार्किंग जोन में खड़ी मिली, तो चालान कटने के लिए ट्रैफिक पुलिस के सामने जाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. कैमरा आपको देखेगा, नंबर प्लेट पढ़ेगा और सीधे आपके मोबाइल पर ई-चालान पहुंच जाएगा.

राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने तकनीक के जरिए सख्ती शुरू कर दी है और इसका असर भी अब साफ दिखने लगा है.

52 दिनों में 4806 मामले, आधे से ज्यादा पर कार्रवाई

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के आंकड़ों के मुताबिक एक दिसंबर से 22 जनवरी तक नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने के 4806 मामले सामने आए. इनमें से 2371 मामलों में वाहन नंबर की पहचान कर ई-चालान जारी किया गया.

दिसंबर महीने में 2669 वाहन नो-पार्किंग में पकड़े गए, जिनमें 793 का चालान कटा. वहीं जनवरी में 2137 मामले सामने आए और 1578 वाहनों पर कार्रवाई हुई. यह साफ संकेत है कि निगरानी बढ़ने के साथ नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसता जा रहा है.

अब हर प्रमुख सड़क पर कैमरों की पैनी नजर

शहर की जिन सड़कों पर सबसे ज्यादा जाम और अव्यवस्था रहती है, वहां रियल टाइम मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है. नेहरू पथ, बोरिंग रोड, कंकड़बाग, राजाबाजार, फ्रेजर रोड, एग्जीबिशन रोड, पटना जंक्शन इलाका और गांधी मैदान जैसे व्यस्त क्षेत्रों में चौबीसों घंटे कैमरों से निगरानी हो रही है.

इनका मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि अवैध पार्किंग को रोककर ट्रैफिक जाम को कम करना और यातायात को सुचारु बनाना है.

स्मार्ट सिटी का मिशन, ट्रैफिक में अनुशासन

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एमडी यशपाल मीणा के निर्देश पर 28 नवंबर 2025 से निगरानी के लिए लगाए गए कैमरों का इस्तेमाल अब चालान काटने में भी किया जा रहा है. पटना सीटी कमीश्नर ने साफ निर्देश दिए हैं कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ तकनीक के जरिए त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की जा रही है.

ई-चालान सिस्टम से बदलेगा ट्रैफिक कल्चर

ई-चालान की यह व्यवस्था सिर्फ दंडात्मक कदम नहीं है, बल्कि शहर में ट्रैफिक कल्चर बदलने की कोशिश भी है. अब ड्राइवर यह नहीं सोच सकते कि थोड़ी देर के लिए गाड़ी खड़ी कर देने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा. कैमरा हर पल एक्टिव है और हर गलती रिकॉर्ड हो रही है. इससे लोगों में नियमों के प्रति डर के साथ-साथ जिम्मेदारी का भाव भी बढ़ेगा.

जाम से राहत की उम्मीद

नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियां ही अक्सर जाम की सबसे बड़ी वजह बनती हैं. जब सड़क का एक हिस्सा पार्किंग में तब्दील हो जाता है, तो यातायात अपने आप बाधित हो जाता है. स्मार्ट सिटी की यह पहल अगर सख्ती से लागू होती रही, तो आने वाले दिनों में पटना की सड़कों पर जाम कम होगा, ट्रैफिक ज्यादा व्यवस्थित होगा और राजधानी को एक स्मार्ट और अनुशासित शहर बनाने की दिशा में यह एक मजबूत कदम साबित होगा.

Also Read: Bihar News: नेपाल से सटे जिलों में हाई अलर्ट, बढ़ाई गई चौकसी, बॉर्डर एरिया में 72 घंटे पेट्रोलिंग का आदेश

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन