रजौली में वज्रपात से मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचे छह लोग

Edited by KR MANISH DEV
Updated:
विज्ञापन

प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की सुबह तेज आंधी-पानी और वज्रपात से लाखों रुपयों का नुकसान हुआ

विज्ञापन

आंधी-बारिश से रजौली में जनजीवन अस्त-व्यस्त, एनएच पर गिरे कई विशाल पेड़

प्रतिनिधि, रजौली प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की सुबह तेज आंधी-पानी और वज्रपात से लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है. हरदिया पंचायत के पुरानी हरदिया (वार्ड 9) में सुबह करीब 6 बजे एक मकान के ऊपर वज्रपात हुआ. इससे मकान की छत क्षतिग्रस्त होकर टुकड़ों में बंट गयी. इस दौरान मकान में रह रहे छह लोग और करीब एक दर्जन बकरियां बाल-बाल बच गयीं. पीड़ित मनोज सिंह ने बताया कि पैतृक आवास में उनके भाई सुरेंद्र सिंह, गुड़िया देवी, नीरज सिंह, सूरज कुमार, लक्ष्मी कुमारी और धीरज कुमार रहते हैं. सुबह बारिश बंद होने पर लोग जैसे ही बाहर निकले, तभी दोबारा तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुई. बच्चे डरकर कोने में जा छिपे, जिससे उनकी जान बच गयी. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यदि सभी लोग घर के मुख्य हिस्से में होते, तो बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी. वज्रपात से छत के दर्जनों करकट टूटकर गिर गये और जमीन में गड्ढे हो गये. पीड़ित ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर मुआवजे की गुहार लगायी है.

पेड़ गिरने से बाधित रहा एनएच-20

बेमौसम आंधी और बारिश ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. नेशनल हाइवे-20 के किनारे हरदिया समेत विभिन्न स्थानों पर आधा दर्जन विशालकाय पेड़ धराशायी हो गये. इससे आवागमन में बाधा पहुंची. हालांकि, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए लकड़ियों को काटकर सड़क से हटाया और मार्ग सुचारु बनाया.

बिजली कटने से पेयजल संकट

मेघ गर्जन शुरू होते ही बिजली विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर आपूर्ति काट दी. इसके कारण भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी हुई. पानी की मोटरें नहीं चलने से क्षेत्र में सुबह पेयजल के लिए हाहाकार मच गया.

सीओ ने की सावधानी की अपील

इस संबंध में अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि वज्रपात से मकान क्षतिग्रस्त होने पर आपदा प्रबंधन द्वारा मुआवजे का प्रावधान नहीं है. उन्होंने लोगों से बारिश और मेघ गर्जन के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की अपील की है.

विज्ञापन
KR MANISH DEV

लेखक के बारे में

By KR MANISH DEV

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन