शादी का झांसा देकर भाभी का यौन शोषण, दहेज में पांच लाख रुपये मांगने का आरोप, यूपी से गिरफ्तार हुआ देवर

यूपी में गिरफ्तार देवर
Nawada Crime News : पति की मौत के बाद पंचायत ने देवर से शादी तय की, पर उसने यौन शोषण कर 5 लाख दहेज की मांग की। पुलिस ने आरोपी देवर को यूपी से गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
Nawada Crime News : नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र में रिश्तों को कलंकित करने वाला एक बेहद संगीन मामला सामने आया है. पति की मौत के बाद सामाजिक पंचायत में देवर से शादी तय हुई थी, लेकिन उसने यौन शोषण के बाद पांच लाख रुपये दहेज की मांग कर शादी से इनकार कर दिया. पुलिस ने फरार आरोपी देवर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पति की मौत के बाद पंचायत ने तय की थी शादी
काशीचक थाना क्षेत्र के उपरावा गांव निवासी रामबृक्ष प्रसाद की बेटी स्तुति कुमारी की शादी वर्ष 2023 में पकरीबरावां के बेरवा गांव निवासी पवन यादव के बेटे विक्रम कुमार से हुई थी. शादी के कुछ माह बाद वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश के रेणुकूट में काम के दौरान विक्रम की असामयिक मौत हो गई. इसके बाद दोनों पक्षों के पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पीड़िता की शादी उसके देवर विकास कुमार से कराने का निर्णय लिया गया था. आरोपी विकास ने भी इस फैसले पर अपनी सहमति दे दी थी.
शादी का भरोसा देकर भाभी से बनाया शारीरिक संबंध
पंचायत के फैसले के बाद आरोपी विकास कुमार का पीड़िता के मायके उपरावा गांव में लगातार आना-जाना शुरू हो गया. इस दौरान उसने अपनी विधवा भाभी को शादी का पूरा भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता को भी सामाजिक स्तर पर हुई पंचायत के कारण अपने देवर पर पूरा विश्वास था. लेकिन कुछ समय बाद आरोपी की नीयत पूरी तरह बदल गई.
पांच लाख रुपये दहेज की मांग और शादी से इनकार
जब पीड़िता ने शादी की तारीख तय करने का दबाव बनाया, तो आरोपी देवर लगातार टालमटोल करने लगा. इसके बाद उसने शादी के एवज में पांच लाख रुपये दहेज की भारी मांग रख दी. महिला द्वारा दहेज की यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इस धोखे के बाद पीड़िता ने काशीचक थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई.
तकनीकी जांच से यूपी में मिला आरोपी का सुराग
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने काशीचक थाना कांड संख्या 91/26 दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी. केस दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी गांव से फरार हो गया. काशीचक थानाध्यक्ष गौतम कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर उसकी तलाश शुरू की. जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के पिपरी थाना क्षेत्र स्थित रेणुकूट में पाई गई.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
पुख्ता लोकेशन मिलने के बाद नवादा पुलिस की विशेष टीम ने यूपी में छापेमारी कर आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे नवादा लाया गया और पूछताछ की गई. सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.
Also Read : नवादा में छात्र आंदोलन को लेकर हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने शहर में निकाला फ्लैग मार्च
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










