CWG 2026 Highlights Day 2: जदुमणि सिंह ने जीत से किया आगाज, स्कॉटलैंड के मुक्केबाज को एकतरफा मुकाबले में हराया

Updated:
विज्ञापन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय दल (फोटो- सोशल मीडिया)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारत के लिए मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिला. पैरा पावरलिफ्टिंग की पुरुष और महिला दोनों स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने से चूक गए और देश का खाता इस खेल में नहीं खुल सका. हालांकि, लॉन बॉल्स और मुक्केबाजी में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक की उम्मीदें बरकरार रखी हैं.

विज्ञापन

जदुमणि सिंह ने दिखाया दम, 55 किग्रा वर्ग में आसान जीत दर्ज की

भारत के जदुमणि सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। पुरुष 55 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में उन्होंने स्कॉटलैंड के आरोन कुलेन को एकतरफा अंदाज में हराकर अगले दौर में जगह बना ली।

जदुमणि ने पूरे मुकाबले में शानदार नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने तीनों राउंड में ऐसा दबदबा दिखाया कि पांचों जजों ने हर राउंड में उन्हें पूरे 10 अंक दिए। इस दमदार प्रदर्शन के साथ भारतीय मुक्केबाज ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

लॉन बॉल्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिला पेयर्स लॉन बॉल्स स्पर्धा में भारत की रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 (6-4, 7-5) से हरा दिया.

दूसरे सेट में भारतीय जोड़ी 3-4 से पीछे चल रही थी, लेकिन इसके बाद चौथे एंड में लगातार चार अंक हासिल कर 7-4 की बढ़त बना ली. अंतिम एंड में दक्षिण अफ्रीका केवल एक अंक ही जुटा सका और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया.

यह भारत की लगातार दूसरी जीत है. इस जीत के साथ रूपा रानी और पिंकी की जोड़ी ग्रुप बी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है और नॉकआउट चरण में जगह बनाने की अपनी दावेदारी भी मजबूत कर ली है.

महिला लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत पदक से चूका

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिला लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में भी भारत को पदक नहीं मिल सका. जसप्रीत कौर और सुमन देवी दोनों ही पोडियम तक पहुंचने में नाकाम रही. सुमन देवी ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 100 किलोग्राम वजन उठाया, जिससे उन्हें 88.4 अंक मिले। हालांकि, वह 103 किलोग्राम के दो प्रयासों में सफल नहीं हो सकीं और ग्रुप ए में छठे स्थान पर रही.

वहीं जसप्रीत कौर ने ग्रुप बी में 100 किलोग्राम का सफल लिफ्ट कर 96.4 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया. उन्होंने कैमरून की सुजैन को पीछे छोड़ा, लेकिन संयुक्त (ओवरऑल) परिणामों में उनका स्कोर छठे स्थान के लिए पर्याप्त रहा. इस तरह वह भी पदक की दौड़ से बाहर हो गईं.

महिला लाइटवेट स्पर्धा में भारत की दोनों पैरा पावरलिफ्टरों को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा और देश के खाते में इस वर्ग में कोई पदक नहीं जुड़ सका.

पुरुष लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत खाली हाथ

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुष लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी. अशोक कुमार मलिक और परमजीत कुमार दोनों ही पदक जीतने से चूक गए. अशोक कुमार मलिक ने 200 किलोग्राम का सफल लिफ्ट करते हुए 143.8 अंक हासिल किए, लेकिन 205 किलोग्राम के अपने तीसरे और अंतिम प्रयास में असफल रहे। इसके साथ ही वह चौथे स्थान पर रहे और बेहद कम अंतर से पदक से चूक गए.

वहीं परमजीत कुमार ने अपने पहले प्रयास में 176 किलोग्राम वजन उठाकर 135.6 अंक हासिल किए. हालांकि, 179 किलोग्राम के तीसरे और अंतिम प्रयास में वह सफल नहीं हो सके, जिसके कारण उन्हें छठे स्थान से संतोष करना पड़ा. इस स्पर्धा में भारत को पदक नहीं मिल सका, लेकिन अशोक ने चौथे स्थान पर रहकर कड़ी चुनौती पेश की.

आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, टीम दूसरे स्थान पर बरकरार

पुरुष आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पदक की उम्मीदें मजबूत कर दी हैं. तीन उपकरणों (एपरेटस) के बाद भारत 87.100 अंक के साथ लाइव स्टैंडिंग में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। इस समय सिंगापुर पहले स्थान पर है.

भारतीय टीम ने फ्लोर एक्सरसाइज (32.250 अंक) और पोमेल हॉर्स (31.250 अंक) में सबसे अधिक अंक हासिल कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की. इसके बाद रिंग्स में भी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 23.600 अंक जुटाए, जो अब तक इस उपकरण पर दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है.

रिंग्स में तपन मोहंती ने 12.100 अंक हासिल किए, जबकि योगेश्वर सिंह ने 11.500 अंक जोड़कर टीम को पदक की दौड़ में मजबूती से बनाए रखा. अब बाकी रोटेशन में भी भारतीय टीम से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स से क्रिकेट क्यों हुआ बाहर?

ग्लासगो, स्कॉटलैंड में 2026 राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन इस बार खेलों के कार्यक्रम से क्रिकेट समेत कई खेल को शामिल नहीं किया गया हैं. बर्मिंघम 2022 में जहां 19 खेल शामिल थे, वहीं ग्लासगो 2026 में केवल 10 खेलों का आयोजन हो रहा है. क्रिकेट के अलावा हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, टेबल टेनिस और स्क्वैश जैसे खेल भी इस बार कार्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं.

यहां पढ़ें पूरी पढ़ें: CWG 2026: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स से क्रिकेट क्यों हुआ बाहर?

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola