Sachin Tendulkar: जब सचिन की आंखों से छलके थे आंसू, इस खास पल के लिए करना पड़ा था 78 पारियों का इंतजार
सचिन तेंदुलकर फोटो—एक्स
9 सितंबर 1994 को क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पहली वनडे सेंचुरी जड़ी. 78 मैच के इंतज़ार के बाद आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेली 110 रन की यादगार पारी.
Sachin Tendulkar: 9 सितंबर 1994 का दिन सचिन तेंदुलकर के क्रिकेट करियर में कभी न भूलने वाला पल बन गया था. अपनी पहली ODI सेंचुरी के लिए 78 पारियों का लंबा इंतजार करने वाले सचिन जब इस मुकाम तक पहुंचे, तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सचिन ने 130 गेंदों पर 110 रन की शानदार पारी खेलकर अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा था.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई पहली ODI सेंचुरी
सिंगर वर्ल्ड सीरीज के इस मुकाबले में भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. सचिन पारी की शुरुआत करने उतरे और उन्होंने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. सचिन ने 130 गेंदों पर 110 रन बनाए. उनकी पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. उन्होंने महज 43 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था. इसके बाद उन्होंने अपने करियर का वह पहला ODI शतक पूरा किया, जिसका लंबे समय से इंतजार था. भारत ने इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 31 रन से हराया और सचिन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
वनडे में सचिन की शुरुआत रही थी मुश्किल
View on Instagram
आज सचिन तेंदुलकर का नाम वनडे क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में लिया जाता है, लेकिन इस फॉर्मेट में उनकी शुरुआत बिल्कुल आसान नहीं रही थी. अपने शुरुआती दो वनडे मैचों में वह शून्य पर आउट हुए थे. मार्च 1990 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने पहली बार वनडे में रन बनाए.
इसके बावजूद शुरुआती दौर में सचिन को वनडे में वह सफलता नहीं मिल रही थी, जिसकी उनसे उम्मीद की जाती थी. अपनी पहली 66 पारियों में उन्होंने 1,758 रन बनाए थे और इस दौरान उनके बल्ले से 13 अर्धशतक निकले. फिर 27 मार्च 1994 को उनकी बल्लेबाजी में एक बड़ा बदलाव आया.
ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव? चयनकर्ताओं के सामने ये 3 सवाल
ओपनिंग ने बदल दिया सचिन का वनडे करियर
न्यूजीलैंड के खिलाफ सचिन पहली बार वनडे में बतौर ओपनर उतरे. उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से भुनाया और सिर्फ 49 गेंदों पर 82 रन की तूफानी पारी खेल दी. इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 2 छक्के लगाए. ओपनिंग में मिली इस सफलता के बाद सचिन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. शीर्ष क्रम पर अपनी शुरुआती पांच पारियों में उन्होंने 82, 63, 40, 63 और 73 रन बनाए. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह पल आया, जिसका इंतजार हर क्रिकेट फैन कर रहा था.
पहली सेंचुरी से रिकॉर्ड तोड़ सफर की शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया गया 110 रन का शतक सचिन के लिए सिर्फ एक आंकड़ा नहीं था. यह उनके वनडे करियर में एक नए दौर की शुरुआत थी. इसके बाद उन्होंने इस फॉर्मेट में लगातार नए मुकाम हासिल किए.
सचिन ने अपने वनडे करियर में 463 मैचों की 452 पारियों में 18,426 रन बनाए. उनके नाम 49 शतक और 96 अर्धशतक रहे. वह लंबे समय तक वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन और शतक बनाने वाले बल्लेबाज रहे. ओपनर के तौर पर भी सचिन का रिकॉर्ड शानदार रहा. उन्होंने इस भूमिका में 15,310 रन बनाए, जिसमें 45 शतक और 75 अर्धशतक शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए