Virat Kohli: 1021 दिन बाद विराट ने जड़ा था 71वां शतक, जानिए किस मैच में उन्होंने छुआ था तीन अंकों का आंकड़ा
विराट कोहली (फोटो—एक्स)
8 सितंबर 2022 को विराट कोहली ने 1021 दिनों के सूखे को खत्म करते हुए अपना 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया. यह शतक एशिया कप 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ आया, जिसने उनके प्रशंसकों को खुशी से सराबोर कर दिया.
Virat Kohli 71st Century: 8 सितंबर का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए किसी यादगार दिन से कम नहीं है. आज से चार साल पहले इसी दिन विराट कोहली ने आखिरकार उस लंबे इंतजार को खत्म किया था, जिसने करीब तीन साल तक उनके करोड़ों प्रशंसकों को बेचैन रखा. एशिया कप 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में विराट के बल्ले से वह शतक निकला, जिसका इंतजार 1021 दिनों से किया जा रहा था.
यह सिर्फ विराट कोहली की एक सेंचुरी नहीं थी. यह उस दौर के अंत की शुरुआत भी थी, जिसमें दुनिया के महान बल्लेबाजों में शामिल विराट अपनी पुरानी लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे थे. 70वें अंतरराष्ट्रीय शतक के बाद 71वें शतक तक पहुंचने में उन्हें करीब 1021 दिन लगे. इस दौरान विराट ने रन तो बनाए और कई अर्धशतक भी लगाए, लेकिन शतक उनसे लगातार दूर रहा.
2019 के बाद शुरू हुआ था लंबा इंतजार
विराट कोहली ने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय शतक नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए डे-नाइट टेस्ट में लगाया था. वह उनके करियर का 70वां अंतरराष्ट्रीय शतक था. इसके बाद उम्मीद थी कि विराट जल्द ही शतकों की संख्या को आगे बढ़ाएंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. विराट के बल्ले से कई शानदार पारियां निकलीं. वह कई बार 60, 70, 80 और 90 के आंकड़े तक पहुंचे और शतक की उम्मीद जगाई, लेकिन तीन अंकों तक नहीं पहुंच सके. कभी विपक्षी गेंदबाजों ने उन्हें रोक दिया तो कभी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने से चूक गए.
ये भी पढ़ें: Shubman Gill Birthday: 27 साल के हुए शुभमन गिल, जन्मदिन पर जानिए उनके ये 27 खास रिकॉर्ड
1021 दिनों का इंतजार आसान नहीं था
70वें और 71वें अंतरराष्ट्रीय शतक के बीच विराट ने 72 मैचों की 83 पारियों में 2708 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत करीब 36.1 रहा और उन्होंने 26 अर्धशतक लगाए. यानी विराट पूरी तरह से रन बनाने में नाकाम नहीं थे, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में वह निरंतरता नहीं दिख रही थी, जिसकी उनसे उम्मीद की जाती थी.
इस दौर में उनकी आलोचनाएं भी बढ़ती गईं. कुछ पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने उनकी फॉर्म पर सवाल उठाए. टी20 टीम में उनकी जगह को लेकर भी बहस हुई. हर मैच में विराट की बल्लेबाजी के साथ उनके 71वें शतक की चर्चा होने लगी.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
एक महीने तक बल्ले से बना ली थी दूरी
एशिया कप 2022 से पहले विराट ने क्रिकेट से ब्रेक लिया था. बाद में उन्होंने बताया कि उन्होंने करीब एक महीने तक बल्ले को हाथ तक नहीं लगाया था.
विराट ने बताया था कि वह अपनी आक्रामकता और ऊर्जा को जबरदस्ती बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे. उनका शरीर और दिमाग उन्हें आराम करने का संकेत दे रहा था, लेकिन वह खुद को मजबूत दिखाने की कोशिश कर रहे थे.
अफगानिस्तान के खिलाफ आया वो ऐतिहासिक दिन
8 सितंबर 2022 को एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में भारत का सामना अफगानिस्तान से हुआ. दोनों टीमें फाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी थीं, लेकिन विराट कोहली के लिए यह मुकाबला उनके करियर का बेहद खास दिन बनने वाला था. रोहित शर्मा को आराम दिया गया था और केएल राहुल के साथ विराट कोहली ने पारी की शुरुआत की. विराट ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. उनके शॉट्स में पुराना आत्मविश्वास नजर आ रहा था और अफगानिस्तान के गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने खुलकर रन बनाए.
धीरे-धीरे विराट उस मुकाम तक पहुंच गए, जिसका इंतजार 1021 दिनों से था. उन्होंने महज 53 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. विराट ने अपनी पारी को 61 गेंदों में नाबाद 122 रन तक पहुंचाया. उनकी इस पारी में 12 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. यह विराट का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक था.
यह भी देखें: Hardik Pandya Photos: मैदान से दूर ऐसे वक्त बिता रहे पांड्या, गर्लफ्रेंड और बेटे संग क्वालिटी टाइम करते आए नजर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए