गंगा का जलस्तर बढ़ा तो डूब गई 8 फीट की शिव प्रतिमा, मनिहारी घाट पूरी तरह जलमग्न
कटिहार के मनिहारी में गंगा नदी के उफान से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. 8 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा समेत पूरा गंगा घाट जलमग्न हो गया है. प्रशासन ने लोगों को घाट की ओर न जाने की अपील की है, क्योंकि कई गांवों में भी बाढ़ का पानी घुस चुका है.
मनिहारी (कटिहार) : कटिहार जिले के मनिहारी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. गंगा के उफान का असर मनिहारी गंगा घाट पर भी साफ दिखाई दे रहा है. पूरा घाट बाढ़ के पानी में डूब गया है. घाट पर स्थापित करीब 8 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा भी पूरी तरह पानी में समा गई है. अब प्रतिमा का केवल ऊपरी हिस्सा ही दिखाई दे रहा है.
घाट की दुकानें और स्नान स्थल भी डूबे
गंगा का पानी बढ़ने से घाट की सभी दुकानें और स्नान स्थल भी जलमग्न हो गये हैं. घाट तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है. लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने घाट की ओर नहीं जाने की अपील की है.
कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
मनिहारी प्रखंड के कई गांवों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया है. घरों में पानी घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. कई परिवार जरूरी सामान समेटकर ऊंचे स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं.
फसलें डूबने से किसानों की बढ़ी चिंता
बाढ़ के पानी में खेतों में लगी फसलें भी डूब गयी हैं. इससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह में गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है. अगर पानी बढ़ने का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो प्रखंड के कई और गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं.
प्रशासन अलर्ट, प्रभावित इलाकों पर नजर
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है. बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. लोगों से सावधानी बरतने और नदी व जलमग्न क्षेत्रों के पास नहीं जाने की अपील की जा रही है.
कटिहार में आज कैसा रहेगा मौसम? बारिश और बाढ़ को लेकर जानें नया अपडेट
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए