नक्सली से पांच घंटे हुई पूछताछ

Updated at : 13 Feb 2015 9:16 AM (IST)
विज्ञापन
नक्सली से पांच घंटे हुई पूछताछ

उगले राज : नक्सली नेताओं ने गुमराह करने की रची थी साजिश जिले के थारु आदिवासी बहुल इलाके में एक बार फिर नक्सली पौध उपजाने की योजना थी. वह तो एसपी शफीउल हक की तत्परता का परिणाम है कि अभी नक्सली उन्माद का बीज बोया जा रहा था कि इसके मास्टर माइंड समेत तीन को […]

विज्ञापन
उगले राज : नक्सली नेताओं ने गुमराह करने की रची थी साजिश
जिले के थारु आदिवासी बहुल इलाके में एक बार फिर नक्सली पौध उपजाने की योजना थी. वह तो एसपी शफीउल हक की तत्परता का परिणाम है कि अभी नक्सली उन्माद का बीज बोया जा रहा था कि इसके मास्टर माइंड समेत तीन को पुलिस ने पकड़ लिया. गुरुवार को इस नेटवर्क में सक्रिय अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने सघन छापेमारी की. जंगल-पहाड़ के इलाके में पूरे दिन छापेमारी चला. पुलिस ने आम लोगों को भी जागरूक किया. इलाके में कोई संदिग्ध चेहरा दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें.
बगहा : जिले के उत्तरांचल में अवस्थित थारु आदिवासी बहुल इलाके में एक बार फिर एक दशक पहले जैसा नक्सली माहौल बनाने की योजना थी. जब पूरा इलाका नक्सल की आग में धू-धूकर जल रहा था.
बड़े खेतिहर और साधन संपन्न लोग थरुहट के इलाके से एक तरह से पलायन कर गये थे. भोले-भाले लोगों को नक्सली नेताओं ने इस कदर गुमराह किया था कि वे भी रास्ता भटक गये.
हालांकि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मुस्तैदी और सूबे में आयी सुशासन की सरकार की प्रभावी कदम का परिणाम था कि इलाके में अमन चैन बहाल हुआ. उसी अमन चैन में खलल डालने की योजना बनायी गयी थी. गुरुवार को नक्सल गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार नक्सली कमांडर राजेंद्र मास्टर समेत तीन लोगों को गहन पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. एसपी शफीउल हक ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है. जिसके आलोक में पुलिस कार्रवाई कर रही है. दोन एवं थरुहट के इलाके में अमन चैन में खलल पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा.
यूपी से जुड़ा नक्सली तार
अब तक यूपी का सीमावर्ती इलाका नक्सली गतिविधियों से महफूज था. नक्सली कमांडर राजेंद्र मास्टर के साथ पुलिस ने यूपी के पडरौना के निवासी सुरेंद्र कुमार गौतम को गिरफ्तार किया है.
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ है कि राजेंद्र मास्टर का इन दिनों राइट हैंड सुरेंद्र बन गया था. राजेंद्र मास्टर का सुरेंद्र के घर एवं पूर्वी उत्तरप्रदेश के इलाके में भी आना जाना हो गया था.
जब भी बिहार के इलाके में कोई वारदात होती तो नक्सली कमांडर यूपी में जा कर शरण ले लेता था. संभावना है कि वह सुरेंद्र के साथ यूपी जाने की तैयारी में हीं था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया. देर शाम आइबी की टीम ने गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ की.
राजेंद्र मास्टर पर एक नजर
वर्ष 1993 में राजेंद्र मास्टर चंपारण आया था. चंपारण की उसकी यात्र नरेंद्र उर्फ ओशो के साथ हुई थी. ये दोनों बरवा खुर्द में जन शिक्षा केंद्र नामक एक स्कूल चलाने लगे थे. शिक्षा के नाम पर भोले – भाले लोगों को बहला फुसला कर नक्सल की आग में धकेला. राजेंद्र मास्टर के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में एक दर्जन के आसपास कांड दर्ज हैं. इसमें सिमरहनी पुलिस पिकेट को उड़ाने, रतनपुरवा के मुखिया बच्च सिंह के घर को डायनामाइट लगा कर उड़ाने, गोबर्धना थाना के नव निर्मित भवन उड़ाने समेत कई जघन्य मामले हैं.
तकरीबन 8 वर्ष जेल में कैद रहने के बाद राजेंद्र मास्टर 30 जनवरी 15 को जमानत पर रिहा हुआ था और फिर नक्सली गतिविधियों में संलगA होगया था.
मोतिहारी पुलिस राजेंद्र को करेगी रिमांड
मोतिहारी जिले के विभिन्न थानों में नक्सली कांडों में राजेंद्र मास्टर वांछित है. हालांकि 8 वर्ष तक राजेंद्र जेल में कैद रहा , लेकिन मोतिहारी पुलिस ने उसे रिमांड नहीं किया. अगर मोतिहारी पुलिस उसे रिमांड की होती तो शायद राजेंद्र अभी जमानत पर रिहा नहीं हुआ होता.
मोतिहारी एसपी सुनील कुमार ने बताया कि राजेंद्र मास्टर मधुबन थाने के कई कांडों में फरार चल रहा था. पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी. उल्लेखनीय है कि 23जून 2005 को नक्सलियों ने मोतिहारी जिले के मधुबन थाने पर दिन दहाड़े हमला किया था. हालांकि इस दिन मधुबन के प्रखंड, अस्पताल, बैंक समेत पांच जगहों पर नक्सली हमला हुआ था. इस मामले में मधुबन थाने में कांड संख्या 87/2005 समेत पांच अलग – अलग प्राथमिकियां दर्ज हैं. जिसमें राजेंद्र मास्टर वांछित है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन