कॉलेजों की लापरवाही बच्चों के भविष्य पर भारी, रोका गया हजारों विद्यार्थियों का रिजल्ट

Published by : ANKIT Updated At : 09 May 2025 9:56 PM

विज्ञापन

कॉलेजों की लापरवाही बच्चों के भविष्य पर भारी, रोका गया हजारों विद्यार्थियों का रिजल्ट

विज्ञापन

– स्नातक प्रथम सेमेस्टर का परिणाम वेबसाइट पर अपलोड, आज से दिखेगा

– चार महीने पहले परीक्षा, फिर भी कॉलेज नहीं भेज सके प्रायोगिक के अंक

वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर

बीआरएबीयू के कॉलेजों की लापरवाही विद्यार्थियों के भविष्य पर भारी पड़ रही है. चार महीने बाद भी विवि के 14 कॉलेजों की ओर से प्रायोगिक परीक्षा का अंक नहीं भेजा गया है. विवि के रिमाइंडर देने के बाद भी कॉलेजों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया. ऐसे में विवि ने स्नातक सत्र 2024-28 के प्रथम सेमेस्टर में इन कॉलेजों को छोड़कर शेष विद्यार्थियों का परिणाम जारी करने का निर्णय लिया है. परिणाम तैयार कर पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है. शनिवार को पोर्टल पर परिणाम दिखने लगेगा. विवि ने कहा है कि जिन कॉलेजों ने प्रायोगिक परीक्षा का अंक नहीं भेजा है, वे अपने कॉलेज के विद्यार्थियों का रिजल्ट जारी नहीं होने के लिए स्वयं जिम्मेवार होंगे. जिन कॉलेजों ने अबतक इस परीक्षा का अंक विवि को उपलब्ध नहीं कराया है. उस सूची में अधिकतर अंगीभूत कॉलेज हैं. इसमें मुख्यालय के भी कई कॉलेजों के नाम हैं.

विवि की ओर से बताया गया है कि प्रिया रानी राय डिग्री काॅलेज, केसीटीसी रक्सौल, एमजेके काॅलेज बेतिया, आरएलएसवाई काॅलेज बेतिया, एमएस काॅलेज मोतिहारी, नीतीश्वर महाविद्यालय, आरएन काॅलेज हाजीपुर, बीबीआरडी काॅलेज, लालगंज काॅलेज, राजकीय डिग्री काॅलेज शिवहर, ए काॅलेज महुआ, आरएसएस साइंस काॅलेज सीतामढ़ी का नाम शामिल है. परीक्षा नियंत्रक डॉ सुबालाल पासवान ने बताया कि काॅलेजों को कई बार रिमाइंडर भेजा गया है. इसके बाद भी उनकी ओर से अबतक प्रायोगिक परीक्षा व इंटरनल का अंक नहीं भेजा गया है. ऐसे में शेष विद्यार्थी प्रभावित न हों, इसको लेकर परिणाम जारी करने का निर्णय लिया गया है.

———-

बढ़ रहा लोड, अंक नहीं भेजेंगे तो दोगुनी होगी परेशानी

विवि की ओर से कहा गया है कि सेमेस्टर सिस्टम लागू होने के बाद परीक्षा विभाग पर अत्यधिक लोड है. अंक नहीं भेजे जाने के कारण जिन काॅलेजों का रिजल्ट रोका गया है, जब वे अंक भेजेंगे तो फिर से कर्मियों को उनका परिणाम जारी करने में लगाया जायेगा. ऐसे में एक ही कार्य के लिए बार-बार कर्मियों को लगाने से आगे की परीक्षाएं प्रभावित होंगी. स्थिति यह है कि प्रत्येक महीने परीक्षाएं विवि लेगा और लगातार परिणाम जारी होगा. ऐसे में कॉलेजों से सहयोग नहीं मिलने पर सत्र को नियमित रखना मुश्किल है. बता दें कि स्नातक सत्र 2024-28 की अबतक दो सेमेस्टर की परीक्षा हो जानी चाहिए थी, लेकिन अबतक प्रथम सेमेस्टर का ही परिणाम जारी नहीं हो सका है. ऐसे में दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा कब होगी और परिणाम कब आएगा. ये सवाल उठने लगे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANKIT

लेखक के बारे में

By ANKIT

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन