मुजफ्फरपुर की शाही लीची का स्वाद चखेंगे पीएम और राष्ट्रपति, चुनिंदा बागों से तोड़ी गई लीची
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 29 May 2026 9:07 PM
शाही लीची
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्रियों को उपहार में प्रसिद्ध शाही लीची भेजी जा रही है. दो-दो किलो के 2000 पैकेट विशेष एसी वैन से दिल्ली भेजे जा रहे हैं. जानिए खबर विस्तार से…
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर की विश्व प्रसिद्ध और रसीली ‘शाही लीची’ का स्वाद एक बार फिर देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे राजनेता और आला अधिकारी चखेंगे. हर वर्ष की पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी जिला प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य उच्चाधिकारियों को उपहार स्वरूप शाही लीची भेजने की मुकम्मल तैयारी शनिवार को पूरी कर ली गई है. इस बेहद खास और वीआईपी टास्क को समय पर पूरा करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिला उद्यान अधिकारी और उपविकास आयुक्त (डीडीसी) को पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो खुद पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं.
चार टन बेहतरीन लीची के लिए हो रही है दस टन की छंटाई
पताही स्थित लीची प्रोसेसिंग यूनिट के संचालक आलोक केडिया ने इस विशिष्ट ऑर्डर के बारे में तकनीकी जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से उन्हें दो-दो किलो की शाही लीची के कुल दो हजार पैकेट (कुल चार टन) तैयार करने का बड़ा ऑर्डर मिला है, जिसकी पैकिंग का काम युद्धस्तर पर जारी है. इसके लिए मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न चुनिंदा और बेहतरीन बागों का चयन पहले ही कर लिया गया था, जहां से शनिवार सुबह ही लीची की तुड़ाई की गई है. यूनिट संचालक ने बताया कि इस बार मौसम की बेरुखी और अन्य कारणों से फसल थोड़ी कमजोर हुई है, जिससे लीची की सामान्य क्वालिटी उतनी बेहतर नहीं है. यही वजह है कि दिल्ली भेजे जाने वाले चार टन (4,000 किलो) उत्तम दर्जे की लीची के पैकेट तैयार करने के लिए लगभग दस टन (10,000 किलो) लीची मंगवाई गई है. इसमें से बेहद कड़ाई के साथ छंटाई (सॉर्टिंग) का काम किया जा रहा है, ताकि आकार, रंग और स्वाद में सर्वश्रेष्ठ लीची ही दिल्ली भेजी जा सके.
वातानूकूलित वैन से दिल्ली भेजी जाएगी लीची
शाही लीची बेहद संवेदनशील फल है, जो तापमान बढ़ने पर जल्दी खराब होने लगता है. इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और ताजगी के पुख्ता इंतजाम किए हैं. तैयार किए जा रहे दो-दो किलो के इन दो हजार पैकेट्स को मुजफ्फरपुर से दिल्ली तक के सफर के दौरान पूरी तरह सुरक्षित और फ्रेश रखने के लिए विशेष वातानूकूलित (एसी) वैन का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसी स्पेशल एसी वैन के जरिए यह खेप सीधे देश की राजधानी दिल्ली के लिए रवाना होगी. मामले को लेकर जिला उद्यान पदाधिकारी आभा कुमारी ने अधिकारिक तौर पर पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासनिक स्तर पर पूर्व से ही चयनित किए गए बागों से लीची की खेप मंगवाई जा रही है और गुणवत्ता मानकों का पूरा ध्यान रखते हुए इसे ससमय दिल्ली भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
मुजफ्फरपुर से विनय कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










