Muzaffarpur: शराब तस्करी का 'मोबिल' मॉडल, पुलिस ने पकड़ा विदेशी पाउच

विदेशी पाउच में पैक शराब
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब तस्करी के अनोखे तरीके का खुलासा किया है. माफिया मोबिल के पाउच में विदेशी शराब भरकर बेच रहे थे. सरैयागंज की एक झोपड़ी से भारी मात्रा में विदेशी और देसी शराब बरामद की गई है. मुख्य धंधेबाज फरार. पढ़ें पूरी खबर…
Muzaffarpur News: बिहार में शराबबंदी को ठेंगा दिखाने के लिए धंधेबाज नित नए प्रयोग कर रहे हैं. मुजफ्फरपुर पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो मोबिल के पाउच में विदेशी शराब भरकर बेच रहा था. नगर थाना पुलिस ने सरैयागंज योगिया मठ स्थित बताशा गली की एक झोपड़ी से यह बरामदगी की है. तस्करों का यह नया पैंतरा देखकर खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए.
मोबिल के पाउच में विदेशी ‘जाम’

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बताशा गली की एक झोपड़ी में अवैध कारोबार चल रहा है. जमादार निरंजन मंडल के नेतृत्व में जब टीम पहुंची, तो वहां चांदी के रंग वाले मोबिल के सैकड़ों पैकेट दिखे. शक होने पर जब पैकेट फाड़े गए, तो उनमें से मोबिल की जगह रॉयल स्टैग जैसी ब्रांडेड विदेशी शराब निकली. माफिया ने पुलिस को चकमा देने के लिए इन पाउच पर लगे बारकोड और बैच नंबर भी मिटा दिए थे ताकि शराब के स्रोत का पता न चल सके.
देसी और विदेशी शराब बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 लीटर विदेशी शराब (पाउच और बोतलों में) और 9 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है. पुलिस की भनक लगते ही मुख्य धंधेबाज मौके से फरार हो गया. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन पाउच की रिफिलिंग शहर के भीतर ही किसी गुप्त कारखाने में की जा रही थी.
प्राथमिकी दर्ज, धंधेबाज की तलाश
नगर थानेदार जयप्रकाश कुमार ने बताया कि जमादार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार धंधेबाज की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. स्थानीय लोगों के बीच भी इस अजीबोगरीब ‘मोबिल वाली शराब’ की खूब चर्चा हो रही है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










