मुजफ्फरपुर: सिलेंडर ब्लास्ट में दो परिवारों का आशियाना जलकर राख, मची अफरा-तफरी

ब्लास्ट के बाद क्षतिग्रस्त गैस सिलेंडर
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग में दो घर जलकर राख हो गया है. लाखों की संपत्ति जल कर राख हो गयी है. फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है. पढ़ें पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र स्थित भटौना पंचायत के गोपालपुर रविदास टोला में गुरुवार सुबह अचानक लगी आग से दो परिवारों का आशियाना जलकर राख हो गया. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई.
चाय बनाते समय हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार जयकरण राम के घर में सुबह चाय बनाई जा रही थी. इसी दौरान गैस लीकेज होने के बाद सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया. धमाके के साथ आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. तेज लपटों के कारण आग पास के शिवनाथ राम के घर तक भी पहुंच गई.
घर का सारा सामान जलकर खाक
आग की चपेट में आने से दोनों परिवारों के घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया. आग इतनी भयावह थी कि लोग सिर्फ अपनी जान बचाकर बाहर निकल सके. ग्रामीणों ने काफी कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका.
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही करजा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके बाद आसपास के घरों को सुरक्षित किया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
करजा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज के कारण सिलेंडर ब्लास्ट होने की बात सामने आई है. प्रशासन नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










