बिहार पुलिस का नया स्ट्रक्चर लागू, IG करेंगे नेतृत्व, जानिए किस रेंज में शामिल हुआ आपका जिला

बिहार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, 12 रेंज की जगह बने 4 नए प्रक्षेत्र, मुजफ्फरपुर में जुड़े 10 जिले
बिहार सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस रेंज व्यवस्था का पुनर्गठन किया है. अब राज्य 12 पुलिस रेंज की जगह 4 बड़े प्रक्षेत्रों में बंट जाएगा, जिनका नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक (IG) करेंगे. इस बदलाव का उद्देश्य प्रशासनिक निगरानी को तेज करना और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है.
मुजफ्फरपुर: बिहार सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया है. गृह विभाग ने पुलिस रेंज व्यवस्था के पुनर्गठन का संकल्प जारी करते हुए मौजूदा 12 पुलिस रेंज (रेल क्षेत्र को छोड़कर) को चार बड़े प्रक्षेत्र (रेंज) में पुनर्गठित करने का फैसला लिया है. नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रशासनिक निगरानी को तेज करना और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है.
क्यों किया गया यह बदलाव?
गृह विभाग के अनुसार राज्य में लगातार बढ़ती जनसंख्या, विस्तृत भौगोलिक क्षेत्र और बढ़ते प्रशासनिक दायरे के कारण मौजूदा व्यवस्था में त्वरित निगरानी और प्रभावी नियंत्रण में कठिनाई हो रही थी. इसी को देखते हुए पुलिस रेंज का पुनर्गठन किया गया है. नई व्यवस्था में प्रत्येक प्रक्षेत्र का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक (IG) करेंगे, जबकि उनके अधीन पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) कार्य करेंगे.
पटना, दरभंगा और भागलपुर प्रक्षेत्र में कौन-कौन से जिले?
पटना प्रक्षेत्र में पटना, नालंदा, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर जिले शामिल किए गए हैं.
दरभंगा प्रक्षेत्र के अंतर्गत दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया जिले रहेंगे.
भागलपुर प्रक्षेत्र में भागलपुर, बांका, नवगछिया, मुंगेर, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय और खगड़िया जिले शामिल किए गए हैं.
मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र में शामिल होंगे 10 जिले
नई व्यवस्था के तहत मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र में कुल 10 जिले शामिल किए गए हैं. इसमें तिरहुत रेंज के मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर और सीतामढ़ी, चंपारण रेंज के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण (बेतिया) और बगहा, जबकि सारण क्षेत्र के सारण, सीवान और गोपालगंज को शामिल किया गया है.
पदों का भी होगा पुनर्गठन
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूर्व के रेंज कार्यालयों में कार्यरत सिपाही से लेकर पुलिस निरीक्षक तक के पुलिसकर्मियों और सचिवालय संवर्ग के पदों का पुनर्विन्यास बिहार पुलिस मुख्यालय स्तर से किया जाएगा. यदि नई व्यवस्था के तहत अतिरिक्त पदों की आवश्यकता होगी तो पुलिस मुख्यालय आवश्यक कार्रवाई करेगा.
यह भी पढ़ें: सावन 2026: सावन के हर सोमवार बंद रहेंगे शहर के सभी स्कूल, DM का बड़ा आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Premanshu Shekhar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










