आंधी, बारिश, ओलावृष्टि के बीच बिजली गुल, लोग परेशान

Updated at : 20 Mar 2026 8:03 PM (IST)
विज्ञापन
आंधी, बारिश, ओलावृष्टि के बीच बिजली गुल, लोग परेशान

शनिवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली. काली घटाओं ने घेरा डाल दिया और आंधी-बारिश के बीच जमकर ओलावृष्टि हुई.

विज्ञापन

मुंगेर. शनिवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली. काली घटाओं ने घेरा डाल दिया और आंधी-बारिश के बीच जमकर ओलावृष्टि हुई. इसके साथ ही बिजली भी गुल हो गयी, जिसके कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण आम, लीची और गेहूं-चना सहित रबी फसलों को काफी नुकसान होने की संभावना है.

शनिवार की शाम अचानक तेज आंधी के बीच तेज गरज और चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी. बारिश के साथ ही ओलावृष्टि भी होने लगी. बाजार में लोग बारिश और ओलावृष्टि से बचने के लिए भागते नजर आए. फुटपाथी दुकानदार, ठेला व फुटकर सब्जी विक्रेता दुकान छोड़ कर दुकान, शेड और दुकान के छज्जे का सहारा लिया. जो जहां था वहीं बचने का सहारा ढूंढ़ कर खड़ा हो गया और देखते ही देखते बाजार शांत हो गया. ओलावृष्टि के कारण आम, लीची, गेहूं, चना, मसूर, सरसों सहित रवि फसलों को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका जतायी जा रही है. अचानक बदले इस मौसम ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया.

बारिश के साथ ही बिजली गुल, छाया अंधेरा

आंधी-बारिश के साथ ही बाजार के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली अचानक गुल हो गयी. बिजली गुल होने के कारण बाजार में अंधेरा छा गया. दुकानों में जेनरेटर व इनवर्टर से बिजली आपूर्ति हुई, लेकिन सड़कों पर पूरी तरह से अंधेरा रहा. ईद का बाजार भी बुरी तरह से प्रभावित रहा. सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. नंदलालपुर शक्ति उप केंद्र से भी बिजली की आपूर्ति कई फीडरों में प्रभावित रही.

तेज आंधी-बारिश से फसलों को नुकसान, कई जगह गिरे पेड़

हवेली खड़गपुर/तारापुर. शुक्रवार की शाम तेज आंधी के साथ हुई ओलावृष्टि एवं बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ गयी है. इन दिनों खेतों में लगी गेहूं जहां पक कर पूरी तरह तैयार हो चुकी है और किसान इसे कटाई करने की तैयारी में थे. वहीं बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है. वहीं आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है. कहीं-कहीं तो सड़क पर पेड़ की टहनी टूटकर गिरने की भी सूचना मिली है.

हवेली खड़गपुर प्रतिनिधि के अनुसार,

शुक्रवार की शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. इस दौरान जहां एक ओर सड़कों पर कई जगह पेड़ गिरने की सूचना मिली है तो दूसरी ओर गेहूं और आम की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. स्थानीय किसानों के अनुसार गेहूं की फसल लगभग पक कर तैयार थी, लेकिन बारिश के कारण दानों में काले पड़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है. किसान नरेश मंडल, प्रभु केवट और सुनील सिंह ने बताया कि यदि दाने काले हो जाते हैं तो बाजार में उचित मूल्य मिलना मुश्किल हो जाएगा, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. इधर आम उत्पादक किसानों को भी इस आंधी का खामियाजा भुगतना पड़ा है. किसान दीपक सिंह, मंगल सिंह ने बताया कि इस वर्ष आम के पेड़ों में अच्छी मात्रा में मंजर आयी थी, लेकिन तेज हवा के कारण बड़ी संख्या में मंजर झड़ गए, जिससे आम की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है. हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही आंधी-बारिश की संभावना जतायी थी. जिसका असर अब स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है. इधर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी विपुल विप्लव ने बताया कि आंधी और बारिश से गेहूं एवं आम की फसलों को नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन कराया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

तारापुर प्रतिनिधि के अनुसार,

शुक्रवार की संध्या अचानक हुई तेज हवा के साथ बारिश एवं ओलावृष्टि ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है. ऐसे में किसान हताश व परेशान हैं. ओलावृष्टि एवं तेज हवा के कारण बाजार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा और जो लोग तारापुर बाजार करने आये थे वे तेज हवा आरंभ होने के साथ ही जल्द से जल्द अपने घर की ओर प्रस्थान करने के लिए आपाधापी करने लगे. इधर ओलावृष्टि होने से खासकर गेहूं के फसल को काफी नुकसान हुआ, जबकि रब्बी फसल को भी नुकसान होगा. इसे लेकर प्रगतिशील किसान सुबोध चौधरी, सुधीर चौधरी, कृष्णानंद चौधरी एवं पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि ओलावृष्टि व बारिश ने किसानों के मेहनत पर पानी फेर दिया है.

विज्ञापन
BIRENDRA KUMAR SING

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन