निर्माणाधीन फोरलेन पर लावारिस कार से 452 लीटर विदेशी शराब बरामद, पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार

Updated:
विज्ञापन

बरामद शराब के साथ पुलिसकर्मी. | Prabhat Khabar Network

Munger Liquor Seizure : मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एक लावारिस ब्रेजा कार से 452.16 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है. पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी हुई है.

विज्ञापन

Munger Liquor Seizure : मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मुंगेर–मिर्जापुर फोरलेन पर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस ब्रेजा कार से 452.16 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है. कार से 2512 टेट्रा पैक विदेशी शराब जब्त की गई है. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

टोल प्लाजा के पास खड़ी संदिग्ध कार से खुला राज

बरियारपुर थाना पुलिस बुधवार देर शाम नियमित गश्ती पर थी. इसी दौरान निर्माणाधीन मुंगेर–मिर्जापुर फोरलेन पर टोल प्लाजा कल्याणपुर के समीप एक ब्रेजा कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी. काफी देर तक कोई व्यक्ति वाहन के पास नहीं पहुंचा तो पुलिस ने कार की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार के अंदर छिपाकर रखे गए 2512 टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद हुए, जिसके बाद वाहन को जब्त कर थाना लाया गया.

तस्करी के लिए लाई जा रही थी शराब की बड़ी खेप

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि विदेशी शराब की यह बड़ी खेप तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही थी. पुलिस का मानना है कि गश्ती दल को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए. जब्त शराब की मात्रा को देखते हुए इसे संगठित तस्करी से जोड़कर भी जांच की जा रही है.

सीसीटीवी और वाहन के आधार पर होगी पहचान

पुलिस अब कार के रजिस्ट्रेशन नंबर, तकनीकी साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर फरार तस्करों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. मामले की हर पहलू से जांच जारी है.

उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी

बरियारपुर थानाध्यक्ष अमरेश कुमार ने बताया कि मामले में उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है.


विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन