बरियारपुर टोल प्लाजा के पास फोरलेन पर दो हाइवा की भीषण टक्कर, एक चालक गंभीर घायल, दूसरा फरार

Updated:
विज्ञापन

क्षतिग्रस्त वाहन | Prabhat Khabar Network

Bariarpur Toll Plaza Accident : बरियापुर टोल प्लाजा के पास मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर दो हाइवा की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में एक हाइवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं दूसरा चालक मौके से फरार हो गया.

विज्ञापन

Bariarpur Toll Plaza Accident : मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर बरियारपुर टोल प्लाजा के समीप गुरुवार की अहले सुबह करीब चार बजे दो हाइवा की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

एक हाइवा में गिट्टी, दूसरा था खाली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एक हाइवा पर गिट्टी लदी हुई थी, जबकि दूसरा हाइवा खाली था. तेज रफ्तार में आ रहे दोनों वाहनों की सीधी टक्कर के कारण दोनों के परखच्चे उड़ गए. हादसे में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं दूसरे हाइवा का चालक दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने घायल चालक को पहुंचाया सदर अस्पताल

दुर्घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा. घायल का उपचार जारी है. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त हाइवा को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सामान्य कराया.

कुछ देर बाधित रहा यातायात, जुटी लोगों की भीड़

हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. दुर्घटना देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने के बाद आवागमन फिर से शुरू कराया.

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

दुर्घटना के बाद यातायात पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फरार चालक की तलाश भी की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों की वजह बन रही है. ऐसे में सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराना जरूरी हो गया है.


विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन