जमालपुर यार्ड से इलेक्ट्रिक इंजन के कॉपर वायर की चोरी, आरपीएफ जांच में जुटी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन

फोटो- जमालपुर के स्टेशन मास्टर कार्यालय में पूछताछ करते आरपीएफ के अस्सिटेंट सिक्योरिटी कमांडेंट | Prabhat Khabar Network

जमालपुर रेल यार्ड और लोको शेड से इलेक्ट्रिक लोको के कॉपर वायर चोरी की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरपीएफ मामले की जांच कर रही है और कबाड़ी दुकानों पर छापेमारी की गई है।

विज्ञापन

जमालपुर (मुंगेर). पूर्व रेलवे के महत्वपूर्ण जमालपुर स्टेशन स्थित रेल यार्ड और लोको शेड से इलेक्ट्रिक लोको के कॉपर वायर चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह ने बुधवार को जमालपुर पहुंचकर स्टेशन प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के साथ पूरे मामले की समीक्षा की.

स्टेशन प्रबंधन से की गई पूछताछ

आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह ने स्टेशन प्रबंधक सहित परिचालन से जुड़े कई अधिकारियों से विस्तृत पूछताछ की. इस दौरान परिचालन से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों और अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया, ताकि चोरी की घटना के संबंध में तथ्य जुटाए जा सकें.

इलेक्ट्रिक लोको से लगातार कॉपर वायर चोरी की आशंका

सूत्रों के अनुसार जमालपुर लोको शेड और रेल यार्ड में खड़े इलेक्ट्रिक इंजनों से लगातार कॉपर वायर चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं. इलेक्ट्रिक लोको में बड़ी मात्रा में तांबे के उपकरणों और वायरिंग का उपयोग होता है, जिससे इस तरह की चोरी को सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है.

लोको शेड की निगरानी पर उठे सवाल

सूत्रों का कहना है कि लोको शेड और यार्ड में सुरक्षा निगरानी केवल औपचारिकता बनकर रह गई है. इसी का फायदा उठाकर चोर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

कबाड़ी दुकानों पर भी हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा बल ने मामले की जांच में सहयोग के लिए आदर्श थाना जमालपुर से संपर्क किया. इसके बाद संयुक्त कार्रवाई के तहत शहर के कई कबाड़ी दुकानों और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई. हालांकि देर शाम तक किसी बड़ी बरामदगी की सूचना नहीं मिली थी.

करीब 9 हजार रुपये के कॉपर वायर गायब

रेलवे सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगभग 9 हजार रुपये मूल्य के कॉपर वायर गायब पाए गए हैं. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही लोको शेड और रेल यार्ड की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गये हैं.

Also Read: 'मनोज तिवारी फ्रॉड आदमी हैं', विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर का चैलेंज- हिम्मत है तो भरत तिवारी के परिवार को न्याय दिलाकर दिखाएं


विज्ञापन
विजय कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन