54 फीट लंबी और 54 किलो चांदी से सजी कांवर बनी आकर्षण का केंद्र, 600 शिवभक्त पटना सिटी से बाबा धाम के लिए रवाना

Updated:
विज्ञापन

54 फीट का कमर ले जाते कावरिया | Prabhat Khabar Network

श्रावणी मेले 2026 के दौरान असरगंज में 54 फीट लंबी और 54 किलो चांदी से सजी एक अनोखी कांवर शिवभक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. पटना सिटी के 600 से अधिक श्रद्धालुओं का संघ इस भव्य कांवर के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ है.

विज्ञापन

Shravani Mela: असरगंज (मुंगेर). श्रावणी मेला 2026 के दौरान असरगंज के कच्ची कांवरिया पथ पर शिवभक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. इसी बीच पटना सिटी के विशाल शिवधारी कांवरिया संघ के 600 से अधिक श्रद्धालु 54 फीट लंबी आकर्षक कांवर के साथ अजगैबीनाथ धाम से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए. पूरी यात्रा के दौरान "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से कांवरिया पथ भक्तिमय बना रहा.

54 फीट लंबी कांवर बनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र

विशाल कांवर अपनी भव्यता के कारण पूरे कांवरिया पथ पर आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. श्रद्धालु और स्थानीय लोग इसे देखने के लिए जगह-जगह रुक रहे हैं. कांवर के साथ चल रहे शिवभक्त नाचते-गाते और ढोल-नगाड़ों की धुन पर बाबा भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं.

54 किलो चांदी से सजाई गई है कांवर

संघ के सदस्यों ने बताया कि इस विशेष कांवर में 54 किलो चांदी का उपयोग किया गया है. कांवर पर बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग, मां दुर्गा और मां काली की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. इसके अलावा चांदी से बाबा बैद्यनाथ मंदिर और महागौरी मंदिर की सुंदर प्रतिकृति भी तैयार की गई है, जो श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही है.

54 फीट लंबाई के पीछे है धार्मिक मान्यता

संघ के सदस्य मनीष कुमार ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ धाम में बाबा बैद्यनाथ मंदिर और मां महागौरी मंदिर के बीच की दूरी 54 फीट मानी जाती है. इसी धार्मिक मान्यता के आधार पर कांवर की लंबाई भी 54 फीट रखी गई है.

2008 से निभा रहे हैं परंपरा

मनीष कुमार ने बताया कि विशाल शिवधारी कांवरिया संघ वर्ष 2008 से लगातार इस परंपरा का निर्वहन कर रहा है. प्रत्येक वर्ष श्रद्धालु विशेष कांवर के साथ सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी सभी श्रद्धालु अनुशासन और धार्मिक नियमों का पालन करते हुए लगभग 54 घंटे में देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे.

कांवर देखने के लिए उमड़ रही भीड़

Shravani Mela: भव्य कांवर यात्रा को देखने के लिए असरगंज के कच्ची कांवरिया पथ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुट रहे हैं. कई लोग कांवर के साथ फोटो और वीडियो भी बना रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसी भव्य कांवर यात्रा श्रद्धा और आस्था का अद्भुत उदाहरण है.

Also Read: 'मनोज तिवारी फ्रॉड आदमी हैं', विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर का चैलेंज- हिम्मत है तो भरत तिवारी के परिवार को न्याय दिलाकर दिखाएं


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन