ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन का दूसरा वार्षिक अधिवेशन शुरू, रेलकर्मियों ने उठाईं कई अहम मांगें
फोटो- रैली में शामिल संगठन के रेल कर्मी | Prabhat Khabar Network
जमालपुर में ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन शुरू। रेलकर्मियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर निकाला जोरदार प्रदर्शन।
Jamalpur Railway News: जमालपुर (मुंगेर). सदर बाजार स्थित निर्मल हेरिटेज में बुधवार को ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन का दूसरा वार्षिक अधिवेशन शुरू हुआ. अधिवेशन में संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष आरआर भगत सहित केंद्रीय कमेटी के कई पदाधिकारी शामिल हुए. कार्यक्रम में देशभर से आए रेलकर्मियों ने संगठनात्मक मजबूती के साथ लोको रनिंग स्टाफ की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की.
केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में हुआ अधिवेशन
अधिवेशन में संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष आरआर भगत के अलावा केंद्रीय कमेटी के गौतम गोस्वामी, जेके मंडल, अजीत प्रेम, आरके सिंह सत्यम और पीआर भारती मौजूद रहे. नेताओं ने रेलकर्मियों की समस्याओं और संगठन के भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया.
रैली निकालकर बुलंद की आवाज
अधिवेशन से पहले जमालपुर स्टेशन के निकट स्थित क्रू लॉबी से बड़ी संख्या में ओपन लाइन के रेलकर्मियों ने पोस्टर और बैनर के साथ रैली निकाली. रैली स्टेशन परिसर के प्लेटफॉर्म संख्या-1, स्टेशन मोड़, बराट चौक और सदर बाजार होते हुए आयोजन स्थल पहुंची. इस दौरान रेलकर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की.
इन मांगों को रखा प्रमुखता से
शाखा सचिव प्रेम प्रकाश ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में मुख्यालय पर 46 घंटे का रेस्ट सुनिश्चित करना, 36 घंटे के भीतर मुख्यालय वापसी, साइन-इन और साइन-आउट की अवधि अधिकतम 9 घंटे करना, प्रतिदिन 30 घंटे की छुट्टी सुनिश्चित करना, लगातार दो नाइट ड्यूटी के बाद नाइट रेस्ट देना, बेवजह चार्जशीट और दंडात्मक कार्रवाई बंद करना तथा मालदा मुख्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार को समाप्त करना शामिल है.
अधिवेशन के अंतिम दिन होगा चुनाव
Jamalpur Railway News: शाखा सचिव प्रेम प्रकाश ने बताया कि अधिवेशन के अंतिम चरण में संगठन का संगठनात्मक चुनाव भी कराया जाएगा. इसमें नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा तथा आगामी कार्ययोजना तय की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विजय कुमार गुप्ता
विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










