जमालपुर में जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक के घर ईडी की छापेमारी, करोड़ों रुपये ठगी मामले में पूछताछ जारी

Updated:
विज्ञापन

आरोपित के मकान पर मौजूद पुलिस फोर्स व विभाग के अधिकारी. | Prabhat Khabar Network

ED Raid Jamalpur : जमालपुर में जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के घर ईडी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. यह छापेमारी करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले से जुड़ी है, जिसमें प्राथमिक आरोपियों से पूछताछ जारी है.

विज्ञापन

ED Raid Jamalpur : जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फूलका स्थित जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास पर गुरुवार की सुबह ईडी की टीम ने छापेमारी की. जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक अधिकारी सुबह तड़के ही मौके पर पहुंच गए थे. स्थानीय लोगों के जागने से पहले ही टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी और घर में मौजूद लोगों से पूछताछ आरंभ की.

प्राथमिक आरोपियों से पूछताछ जारी

सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम इस मामले में प्राथमिक आरोपी जयधन तांती और प्रिया राजीव रंजन से पूछताछ कर रही है. छापेमारी के दौरान दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक ईडी की कार्रवाई जारी थी और अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था.

करोड़ों रुपये की कथित ठगी का है मामला

बताया जाता है कि जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर निवेशकों से करोड़ों रुपये लेने के बाद फरार होने का आरोप है. 18 नवंबर 2024 को कंपनी के कार्यालय में ताला लगने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने जमालपुर थाना में शिकायत दर्ज करायी थी. इस मामले में कांड संख्या 224/24 दर्ज किया गया था. शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि कंपनी चिट फंड की तर्ज पर लोगों से निवेश कराकर करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गयी.

पुलिस कार्रवाई के बाद कोर्ट में किया था आत्मसमर्पण

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई तेज की, लेकिन कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव फरार हो गए थे. लगातार दबाव बढ़ने के बाद उन्होंने मुंगेर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था. तब से वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं. अब इसी मामले में ईडी धन शोधन और वित्तीय लेनदेन के पहलुओं की जांच कर रही है.

जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

ईडी की यह कार्रवाई मामले की जांच का महत्वपूर्ण चरण मानी जा रही है. अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. छापेमारी पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे. फिलहाल पूरे इलाके में ईडी की कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है.


विज्ञापन
विजय कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन