विद्यार्थी व शिक्षकों में नैतिकता को बढ़ावा देना जरूरी : डॉ अंजना

आरडी एंड डीजे कॉलेज के शैक्षणिक कार्यक्रमों में मंगलवार को कॉलेज प्रबंधन ने एक नया अध्याय आरंभ किया
ऑनलाइन एलुमनी मीट में शामिल हुये डीजे कॉलेज के कई पूर्ववर्ती विद्यार्थी मुंगेर. आरडी एंड डीजे कॉलेज के शैक्षणिक कार्यक्रमों में मंगलवार को कॉलेज प्रबंधन ने एक नया अध्याय आरंभ किया. जिसके लिये कॉलेज प्रबंधन द्वारा पूर्व विद्यार्थियों अर्थात एलुमनी के साथ ऑनलाइन बैठक के माध्यम से महाविद्यालय के शैक्षणिक उत्कृष्टता पर चर्चा की. एलुमनी मीट के दौरान आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी की डॉ अंजना ने कहा कि छात्र- छात्राओं व शिक्षकों में नैतिकता को बढ़ावा दिया जाना चाहिए. साथ ही ई लर्निंग एवं स्मार्ट क्लासरूम की व्यवस्था जरूरी है. इंग्लैंड से अस्सी के दशक के एलुमनी अरुण ने बताया कि महाविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण ऐसा निर्मित हो, ताकि स्वतः छात्र इस ओर आकर्षित हों. एम्स दिल्ली में मेन्टल हेल्थ के प्रोफेसर एलुमनी प्रो. प्रतीक ने बताया कि विद्यार्थियों के विषयवार समूह बनाकर उनका शैक्षणिक भ्रमण आवश्यक है. नियमित रूप से सेमिनार, कार्यशाला का आयोजन सभी विषयों में होना चाहिए. कॉलेज के पूर्व छात्रों के योग्यता एवं अनुभवों का लाभ ई-लेक्चर द्वारा लिया जा सकता है. दिल्ली विश्वविद्यालय के शोधार्थी सुमित एवं आईआईटी मद्रास के शोधार्थी राहुल ने छात्रों के लिए पुस्तकालय एवं लैब की उत्तम व्यवस्था करना अनिवार्य बताया. उपस्थिति में सख्त अनुशासन होना अनिवार्य होना जरूरी है. उत्तरप्रदेश में प्रशासनिक अधिकारी से सेवानिवृत्त विजय कुमार झा ने कॉलेज में नैतिक मूल्यों की स्थापना पर बल दिया. साथ ही कॉलेज में उत्तम पुस्तकालय, ई पुस्तकालय आदि के निर्माण में सहयोग करने का पूर्ण आश्वासन दिया. डॉ सुयश शुक्ल ने कॉलेज को सेंटर ऑफ एक्सेलेन्स बनाने की योजना निर्मित करने पर बल दिया. ताकि मुंगेर में देशभर ही नहीं, बल्कि बाहर के छात्र भी अध्ययन के लिए आने को उत्सुक हों. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट मैनेजर डॉ नवीन शंकर ने महाविद्यालय में स्लो लर्नर के लिए ट्यूटोरियल क्लास एवं सबके लिए नियमित सरप्राइज टेस्ट आयोजन आरम्भ करने का सुझाव दिया. काजल, शर्मिला, किरण, राजा ने कॉलेज में अनावश्यक रूप से लोगों की उपस्थिति पर बैन लगाने, आईडी कार्ड चेक कर प्रवेश दिलाने, छात्र-छात्रा के अनुकूल परिवेश निर्माण के लिए सुझाव दिया. एलुमनी संयोजक डॉ विश्वजीत विद्यालंकार ने बताया कि इस वर्चुअल मीटिंग में एलुमनी आरंभ से ही जुड़ते रहे एवं अपने सुझावों को हमारे साथ साझा किया. प्राचार्य प्रो बिजेंद्र सिंह ने सभी पूर्व छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें उनके अपने महाविद्यालय से पुनः जुड़कर इसे उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान बनाकर वैश्विक स्तर पर इसकी उपयोगिता साबित करने के लिए आमंत्रित किया. साथ ही उनके सुझावों को अमल में लाने हेतु हरसंभव कार्य करने का भरोसा दिलाया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




