राशि निकासी नहीं होने पर किसानों ने किया जाम

Updated at :03 May 2017 5:37 AM
विज्ञापन
राशि निकासी नहीं होने पर किसानों ने किया जाम

तारापुर : मुंगेर-जमुई सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक शाखा तारापुर से मंगलवार को खाताधारी किसान राशि निकासी नहीं होने पर उग्र हो गये और तारापुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग को बैंक के सामने ही जाम कर दिया. जाम के कारण घंटों यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सहकारिता प्रबंधक सत्यानंद के आश्वासन पर […]

विज्ञापन

तारापुर : मुंगेर-जमुई सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक शाखा तारापुर से मंगलवार को खाताधारी किसान राशि निकासी नहीं होने पर उग्र हो गये और तारापुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग को बैंक के सामने ही जाम कर दिया. जाम के कारण घंटों यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सहकारिता प्रबंधक सत्यानंद के आश्वासन पर जाम को हटाया गया.

मंगलवार को किसान खाते से रुपये निकालने के लिए बैंक गये. लेकिन बैंक प्रबंधन द्वारा राशि निकासी पर रोक लगा दी गयी. इस कारण किसान उग्र हो गये और बैंक के सामने तारापुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग को दोपहर 2 बजे जाम कर दिया. विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सड़कों पर टायर जला कर भी यातायात व पैदल यात्रियों की आवाजाही को अवरुद्ध कर दिया. आक्रोशित किसान गौरव राज, वकील सिंह, सुनील सिंह, राहुल कुमार, सोनू कुमार, रितेश कुमार, धनंजय कुमार सिंह,
सरयुग पंडित, किरण देवी, राजकुमार सिंह, सुशीला देवी, सुलतान यादव ने बताया कि सहकारिता बैंक द्वारा किसानों के खाते में जमा रुपये का भुगतान नहीं किया जा रहा है. 26 अप्रैल को तारापुर-खड़गपुर मार्ग को जाम किया गया था. उस समय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि था कि 2 मई से सहकारिता बैंक द्वारा किसानों के खाते में जमा बकाया राशि का भुगतान किया जायेगा. लेकिन मंगलवार को रुपये की निकासी करने बैंक पहुंचे तो बैंक में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी अनिल कुमार सुमन अकेले ही मौजूद थे. बाकी बैंककर्मी बैंक से नदारद थे. लौना के किसान दीपक कुमार ने बताया कि उसकी लड़की की शादी 9 मई को है और बैंक पैसा नहीं दे रही है. धोबई के सिंघेश्वर तांती के पोती की शादी 29 अप्रैल को है. लेकिन पैसा निकासी नहीं होने पर शादी की तारीख बढ़ा कर 7 मई की गयी. जबकि किरण देवी ने बताया कि 16 अप्रैल को बेटी की शादी तय हुई थी बैंक द्वारा राशि उपलब्ध नहीं कराये जाने से अब शादी की तारीख 9 मई हो गयी है. लेकिन बैंक अब भी पैसा का भुगतान नहीं कर रहा है.
जाम की सूचना पर तारापुर बीडीओ दुर्गाशंकर, सीओ विद्यानंद राय के समक्ष मुख्यालय सहकारिता प्रबंधक सत्यानंद ने किसानों को अश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर सभी किसानों का बकाया राशि का भुगतान बैंक हर हाल में कर देगी. तब जाकर देर शाम को जाम हटाया गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन