जमीन पर खूंटा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, चार घायल, दो रेफर

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 12 May 2026 3:44 PM

विज्ञापन

घायल

मुंगेर के बड़की हथिया गांव में जमीन पर खूंटा गाड़ने के विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए. देसी कट्टा के बट से हमला कर सिर फोड़ने के इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जबकि दो गंभीर घायलों को मुंगेर रेफर किया गया है.

विज्ञापन

हवेली खड़गपुर मुंगेर से रतन झा की रिपोर्ट: थाना क्षेत्र के बड़की हथिया गांव में मंगलवार को जमीन पर खूंटा गाड़ने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में दो की स्थिति नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर रेफर कर दिया गया है.

जबरन रोकने और लाठी-डंडे से हमले का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, बड़की हथिया गांव निवासी दारा प्रसाद साह अपने स्वामित्व वाली जमीन पर खूंटा गाड़ रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के अनिल साह, सुनील साह, दिलीप साह और धीरज कुमार वहां पहुंचे और कार्य का विरोध करने लगे. विवाद इतना बढ़ा कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में दारा प्रसाद साह, रोशन कुमार, राकेश कुमार और गोरेलाल साह लहूलुहान होकर घायल हो गए.

देसी कट्टा के बट से प्रहार कर फोड़ा सिर

घायल दारा प्रसाद साह ने बताया कि जब वे अपनी जमीन पर काम कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया. बीच-बचाव करने आए उनके पुत्र और परिजनों को भी बेरहमी से पीटा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि धीरज कुमार ने उन पर देसी कट्टा तान दिया और कट्टा के बट (हैंडल) से उनके सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे उनका सिर फट गया. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है.

अस्पताल से दो गंभीर घायल मुंगेर रेफर

परिजनों के सहयोग से सभी चारों घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया. अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. राजीव लोचन विनायक ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. उन्होंने बताया कि दारा प्रसाद साह और रोशन कुमार की चोटें गंभीर हैं, जिसके कारण उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया गया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि बड़की हथिया गांव में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी. सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और पुलिस को इस मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आवेदन के आलोक में मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन