दार्जिलिंग की बेटियों का शानदार खेल, उड़ीसा को 3-0 से रौंदकर फाइनल में पहुंची टीम
अतिथियों के साथ दार्जिलिंग की विजेता टीम | Prabhat Khabar Network
दार्जिलिंग की महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उड़ीसा को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. कविता सोरेन ने दो गोल किए, जबकि प्रिया रोहिदास ने एक गोल दागा.
जमालपुर (मुंगेर) : 11 स्टार एथलेटिक क्लब के तत्वावधान में जेएसए मैदान में चल रहे अजय कुमार सिंह बच्चन मेमोरियल महिला फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में शनिवार को दार्जिलिंग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उड़ीसा को 3-0 से हरा दिया. इस जीत के साथ दार्जिलिंग ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली.
कविता सोरेन ने दो गोल दागे
मैच की शुरुआत से ही दार्जिलिंग की महिला खिलाड़ियों ने गेंद पर पकड़ बनाए रखी. खेल के 13वें मिनट में जर्सी नंबर 8 कविता सोरेन ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलायी.
दूसरे हाफ में भी दार्जिलिंग का दबदबा कायम रहा. 64वें मिनट में कविता सोरेन ने अपना और टीम का दूसरा गोल दाग दिया. मैच के अंतिम क्षणों में जर्सी नंबर 14 प्रिया रोहिदास ने तीसरा गोल कर दार्जिलिंग की जीत 3-0 से पक्की कर दी.
उड़ीसा की टीम ने भी कई मौकों पर अच्छा खेल दिखाया, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सकी. मैच के दौरान उड़ीसा की गोलकीपर को चोट लगने के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा.
कविता सोरेन बनीं बेस्ट 22
शानदार प्रदर्शन के लिए दार्जिलिंग की जर्सी नंबर 8 कविता सोरेन को बेस्ट 22 का पुरस्कार दिया गया.
मैच से पहले मुख्य अतिथि एमएलसी लालमोहन गुप्ता ने मैदान में जाकर दोनों टीमों की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया.
मौके पर रविशंकर सिन्हा, शशि शेखर लाल, सुदीप कुमार गुप्ता, हरीश आंखण्डीयार और संजय कुमार सिंह मौजूद रहे. मैच की निर्णायक मंडली में शिव व्रत गौतम, मो. सलाम, संतोष कुमार और मनीष कुमार शामिल थे.
रविवार को होगा फाइनल
आयोजन समिति के अनुसार टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को जेएसए मैदान में खेला जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए