Motihari News: गंडक दियारा में बेमौसम बारिश से टूटी किसानों की कमर, पानी में डूबी तरबूज की फसल

Edited by Aaruni Thakur
Updated:
विज्ञापन

बारिश से खराब हुई तरबूज की खेती

Motihari News: मोतिहारी के संग्रामपुर गंडक दियारा में बेमौसम बारिश और जलजमाव से तरबूज की फसल बर्बाद हो गई है. कर्ज लेकर लीज पर खेती करने वाले किसानों के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, जिससे किसान मुआवजे की मांग कर रहे हैं. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

Motihari News: संग्रामपुर स्थित गंडक दियारा क्षेत्र के किसानों पर कुदरत का कहर टूटा है. इस साल बेमौसम बारिश और गंडक नदी के जलस्तर में हुई अप्रत्याशित वृद्धि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. सैकड़ों एकड़ में फैली तरबूज, खरबूज, खीरा और कद्दू की फसलें जलजमाव के कारण बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई हैं. गर्मी के मौसम में जिस तरबूज को ‘लाल शरीर के लिए लाल खून’ कहा जाता है, वही फसल अब खेतों में सड़ रही है.

लीज की जमीन और भारी निवेश डूबा

गंडक दियारा की रेतीली जमीन पर हजारों किसान हर साल करीब पांच महीने की कड़ी मेहनत से खेती करते हैं. इस खेती के लिए किसान ऊंची दरों पर जमीन लीज पर लेते हैं. एक एकड़ जमीन का किराया एक सीजन के लिए लगभग 10 हजार रुपये तक चुकाना पड़ता है. किसानों ने बताया कि किसी ने 10 बीघा तो किसी ने 5 बीघा जमीन कर्ज लेकर लीज पर ली थी. बीज, खाद और सिंचाई में किए गए भारी निवेश के बाद अब फसल डूबने से किसानों की आर्थिक कमर टूट गई है.

चार दिनों से जलजमाव, सड़ने लगी फसल

पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. किसान लक्ष्मण साहनी, शंभू यादव और सुमन कुमार का कहना है कि यदि जल्द ही पानी की निकासी नहीं हुई, तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी. तरबूज के फल पानी में डूबे रहने के कारण सड़ने लगे हैं. किसानों ने बताया कि उन्होंने साहूकारों से कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन अब उपज की उम्मीद खत्म होने से कर्ज चुकाने का संकट गहरा गया है.

मुआवजे की गुहार

लगातार हो रहे नुकसान से गंडक दियारा के किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद नाजुक हो गई है. प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजे की मांग की है. किसानों का कहना है कि उनकी आय का एकमात्र स्रोत यही खेती है, और इसके बर्बाद होने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है.

मोतिहारी से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Aaruni Thakur

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

प्रभात खबर में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत आरुणि ठाकुर, पत्रकारिता के क्षेत्र में गहरी रुचि रखते हैं। देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद, वर्तमान में वे समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर कर रहे हैं। विस्तार न्यूज और इंडिया न्यूज जैसे संस्थानों में अनुभव प्राप्त आरुणि को हाइपरलोकल खबरों, राजनीति और डॉक्यूमेंट्री निर्माण में विशेष रुचि है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन