मोतिहारी में जनगणना कर्मियों को फ्रॉड कॉल, शिक्षक और BLO से OTP मांगने पर मचा हड़कंप

Updated:
विज्ञापन

मोतिहारी में जनगणना कर्मियों को फ्रॉड कॉल, शिक्षक और BLO से OTP मांगने पर मचा हड़कंप

मोतिहारी में जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों और बीएलओ को एक ही मोबाइल नंबर से ठगी के कॉल आ रहे हैं. ठग खुद को प्रखंड कार्यालय से बताकर निजी जानकारी और OTP मांग रहे हैं. शिक्षकों ने मामले की सूचना दी है और सतर्क रहने की अपील की है.

विज्ञापन

मोतिहारी क्राइम: सदर प्रखंड क्षेत्र में जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों और बीएलओ को एक ही मोबाइल नंबर से संदिग्ध कॉल आने का मामला सामने आया है. कॉल करने वाला खुद को प्रखंड कार्यालय से जुड़ा बताते हुए पहले जनगणना कार्य की प्रगति की जानकारी मांग रहा है. इसके बाद लिंक भेजकर उसे भरने और आधार कार्ड व बैंक खाते से जुड़ी जानकारी के साथ ओटीपी बताने को कहा जा रहा है. संदेह होने पर कई शिक्षकों ने ओटीपी देने से इनकार कर दिया.

एक ही नंबर से कई शिक्षकों को कॉल

शिक्षक अरविंद तिवारी समेत अन्य शिक्षकों ने इस मामले की जानकारी दी है. उनके अनुसार, मोबाइल नंबर 8929648919 से सदर प्रखंड के कई शिक्षकों और बीएलओ को फोन आया है. झिटकैया क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों के पास भी इसी नंबर से कॉल पहुंचने की बात सामने आयी है. एक ही नंबर से लगातार कई लोगों को फोन आने के बाद शिक्षकों में चिंता बढ़ गयी है.

जनगणना कार्य का प्रतिशत पूछकर भेजा लिंक

शिक्षकों के मुताबिक कॉल करने वाला व्यक्ति बातचीत की शुरुआत जनगणना कार्य से करता है. वह शिक्षकों से अब तक कितने प्रतिशत काम पूरा हुआ है, इसकी जानकारी मांगता है. इसके बाद एक लिंक भेजकर उसमें संबंधित जानकारी दर्ज करने को कहा जाता है. मामला सामान्य प्रक्रिया जैसा दिखाने के बाद कॉल करने वाला आधार कार्ड से जुड़ी बैंक संबंधी जानकारी मांगने लगता है.

आधार और OTP की जानकारी मांगने पर हुआ शक

शिक्षकों के अनुसार, फोन करने वाले ने यह भी पूछने की कोशिश की कि उनका आधार कार्ड किस बैंक खाते से लिंक है. इसके बाद ओटीपी बताने के लिए कहा गया. इसी दौरान कई शिक्षकों को कॉल की मंशा पर संदेह हुआ और उन्होंने ओटीपी साझा करने से साफ इनकार कर दिया. शिक्षकों का कहना है कि सरकारी कार्यालय का नाम लेकर इस तरह की गोपनीय जानकारी मांगना गंभीर मामला है.

साइबर ठगी से बचने के लिए किया अलर्ट

एक ही मोबाइल नंबर से दर्जनों शिक्षकों और बीएलओ को फोन आने के बाद सदर प्रखंड में हड़कंप की स्थिति है. शिक्षकों ने अपने सहकर्मियों को भी ऐसे कॉल से सतर्क रहने की अपील की है. उनका कहना है कि आधार, बैंक खाता, ओटीपी या किसी अन्य गोपनीय जानकारी को बिना आधिकारिक सत्यापन के किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए.

शिक्षकों ने संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन से मोबाइल नंबर की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही जनगणना कार्य में लगे सभी कर्मियों को ऐसे संदिग्ध लिंक खोलने और फोन पर किसी भी तरह की वित्तीय या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी है.

यह भी पढे़ं: मोतिहारी में 15 अगस्त का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी, गांधी मैदान में सुबह 9 बजे होगा ध्वजारोहण


विज्ञापन
सामंत कुमार गौतम

लेखक के बारे में

By सामंत कुमार गौतम

सामंत वर्ष 2013 से यानी पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वाणिज्य (बी.कॉम) और कानून (एलएलबी) स्नातक सामंत को समाचार संकलन, संपादन, कंप्यूटर तकनीक और समाचार प्रबंधन का व्यापक अनुभव है. ये पत्रकारिता के साथ-साथ समाचारों के तकनीकी व प्रबंधकीय कार्यों में विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन