मोतिहारी में जेल भरो अभियान के तहत प्रदर्शन, गांधी स्मारक से समाहरणालय तक निकला जुलूस
प्रदर्शन करते आंदोलनकारी
मोतिहारी में देशव्यापी जेल भरो अभियान के तहत सोमवार को किसानों, मजदूरों, नौजवानों और छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. गांधी स्मारक से समाहरणालय तक निकले जुलूस के बाद आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी हुई. इसके बावजूद नेताओं ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है.
Motihari News: मोतिहारी: देशव्यापी जेल भरो आह्वान के तहत सोमवार को मोतिहारी में किसानों, मजदूरों, नौजवानों, छात्रों और विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. गांधी स्मारक प्रांगण से निकला जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से समाहरणालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं.
गांधी स्मारक से समाहरणालय तक निकला जुलूस
प्रदर्शनकारी गांधी स्मारक प्रांगण से जुलूस के रूप में समाहरणालय पहुंचे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने किसान, मजदूर, छात्र और युवा हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की. प्रदर्शन को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किए जाने की बात आंदोलन से जुड़े नेताओं ने कही.
नियुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
समाहरणालय पहुंचने के बाद आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने नियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन सौंपने वालों में सीपीआई(एम) जिला सचिव सत्येंद्र कुमार मिश्रा, किसान सभा के जिला अध्यक्ष धनंजय पुरी, डीवाईएफआई राज्य कमिटी सदस्य इम्तियाज अहमद, पार्टी सचिवमंडल सदस्य मुकेश कुमार यादव तथा एसएफआई संयोजक सत्येंद्र कुमार शामिल रहे.
नगर थाना पुलिस ने आंदोलनकारियों को किया गिरफ्तार
ज्ञापन सौंपने के बाद नगर थाना पुलिस ने आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर नगर थाना पहुंचाया. आंदोलन से जुड़े लोगों के अनुसार गिरफ्तार प्रमुख लोगों में मुहम्मद एजाजुल हक, शमसुल हक अंसारी, विपिन बिहारी दुबे, सुरेश सिंह, दिलीप कुमार, जमालुद्दीन, अभिषेक रंजन, अमन कुमार यादव, संजय गुप्ता, हरेन्द्र सिंह, धीरेंद्र पांडेय और सुधांशु कुमार शेखर सहित अन्य शामिल हैं.
गिरफ्तारी के बावजूद आंदोलन जारी रखने का ऐलान
आंदोलनकारी नेताओं ने कहा कि जेल भरो कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया. उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से किसानों, मजदूरों, नौजवानों और छात्रों से जुड़े मुद्दों को व्यापक जनसमर्थन मिला है.
नेताओं ने कहा कि गिरफ्तारी और दमन से जनआंदोलन को रोका नहीं जा सकता. उन्होंने आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया.
किसान-मजदूर एकता के लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने "जनता की एकता जिंदाबाद" और "किसान-मजदूर एकता जिंदाबाद" जैसे नारे लगाए. प्रदर्शन के दौरान विभिन्न जनसंगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी सदर प्रखंड छह माह से प्रभार में, स्थायी बीडीओ की पदस्थापना का इंतजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










