पूजा कर लौट रहे युवक की बाइक डीपीटीएस कॉलेज के पास दुर्घटनाग्रस्त, हालत गंभीर
पूजा कर लौट रहे युवक की बाइक डीपीटीएस कॉलेज के पास दुर्घटनाग्रस्त
केसरिया रोड पर डीपीटीएस कॉलेज के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में बाइक चला रहा 18 वर्षीय पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है, क्योंकि पवन ही परिवार का एकमात्र सहारा है.
Accident News: स्थानीय केसरिया रोड स्थित डीपीटीएस कॉलेज के पास सोमवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे में बाइक चला रहा 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर छह फुलवरिया निवासी पवन कुमार, पिता स्व. कौशल साह के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
पूजा कर लौटने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि पवन कुमार अपने एक साथी के साथ केसरिया से पूजा कर बाइक से वापस लौट रहा था. इसी दौरान डीपीटीएस कॉलेज के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गयी और सड़क पर गिर पड़ी. दुर्घटना में बाइक चला रहे पवन के सिर में गंभीर चोट आयी.
हादसा होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को आनन-फानन में केसरिया रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. वहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद पवन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
बाइक सवार दूसरा युवक भी घायल
दुर्घटना के दौरान बाइक पर सवार पवन के साथी को भी चोट लगी है. हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आने की बात बतायी जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के बाहर पवन के परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गयी.
पिता की पहले हो चुकी है मौत
हादसे की खबर के बाद पवन की मां का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के अनुसार, पवन के पिता कौशल साह की पहले ही मौत हो चुकी है. परिवार के लिए पवन ही एकमात्र सहारा बताया जा रहा है. ऐसे में हादसे में उसके गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गयी है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि केसरिया रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है. लोगों ने वाहन चालकों से गति पर नियंत्रण रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.
यह भी पढे़ं: Sawan Somwari: 55 की उम्र में भी नहीं थमा जुनून, 17 घंटे में देवघर पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं नंदीबम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










