शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों से आवश्यक पूछताछ करते डीएसपी
मोतिहारी के ममरखा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. शव कमरे से बरामद हुआ है और पुलिस ससुराल पक्ष से पूछताछ कर रही है. मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसकी जांच जारी है.
Motihari News: मलाही थाना क्षेत्र के ममरखा गांव में रविवार को एक नवविवाहिता का शव कमरे से संदिग्ध हालत में बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर डीएसपी रवि कुमार और मलाही थानाध्यक्ष सुमन भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है. मामले में मृतका के सास-ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है.
Govindganj News: चार महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. वह हरसिद्धि थाना क्षेत्र के चढ़रहिया गांव निवासी सुखराम पंडित की पुत्री थी. अप्रैल 2026 में उसकी शादी ममरखा वार्ड संख्या-17 निवासी हीरालाल पंडित के पुत्र सूरज कुमार के साथ हुई थी.
कमरे से संदिग्ध हालत में मिला शव
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस रविवार को ममरखा गांव पहुंची. डीएसपी रवि कुमार के निर्देश पर पुलिस ने घर के एक कमरे से खुशबू कुमारी का शव बरामद किया. घटना के बाद ससुराल पक्ष के अन्य लोग मौके से फरार बताए गए.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
टावर लोकेशन के आधार पर सास-ससुर पकड़े गए
घटना के बाद सास रंजू देवी और ससुर हीरालाल पंडित भी घर से निकलकर गांव में छिपे हुए थे. पुलिस ने तकनीकी जांच के दौरान टावर लोकेशन के आधार पर दोनों को पकड़ लिया. इसके बाद उन्हें अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई.
हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नवविवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या. पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं और परिजनों के बयानों की जांच कर रही है.
मृतका के मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे हुए थे. मलाही थानाध्यक्ष सुमन भारती ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










