भारत-नेपाल सीमा की सरिसवा नदी को बचाने की पहल, वीरगंज में प्रदूषण रोकने पर बनी रणनीति

सरिसवा नदी
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सरिसवा नदी के बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए वीरगंज में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का उद्देश्य नदी संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति तैयार करना था.
Raxaul News: भारत-नेपाल सीमा से होकर गुजरने वाली सरिसवा नदी के बढ़ते प्रदूषण और सफाई अभियान को गति देने के लिए नेपाल के वीरगंज में विभिन्न विभागों और संबंधित पक्षों की अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य नदी संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस एवं परिणाममुखी रणनीति तैयार करना था.
इस अंतरक्रिया का आयोजन प्रतिनिधि सभा की उद्योग तथा वाणिज्य, श्रम तथा उपभोक्ता हित समिति की पहल पर वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के सहयोग से किया गया.
सरकारी अधिकारियों से लेकर उद्योग प्रतिनिधि तक हुए शामिल
बैठक में बारा और पर्सा के जिला प्रशासन के अधिकारी, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस, सरिसवा नदी से जुड़े उद्योगों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित पक्ष मौजूद रहे.
सभी प्रतिभागियों ने नदी प्रदूषण के स्थायी समाधान के लिए आपसी समन्वय और साझा जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया.
प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग
बैठक के दौरान प्रतिभागियों ने कहा कि नदी को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, दंड और जुर्माने जैसी व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जानी चाहिए.
इसके साथ ही संवाद, जनजागरूकता अभियान और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए जरूरी बताया गया.
सफाई अभियान को मिलेगी नई दिशा
बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि सरिसवा नदी संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए सरकारी संस्थाओं, सुरक्षा एजेंसियों, उद्योग जगत और स्थानीय प्रशासन के बीच तालमेल और मजबूत किया जाए.
प्रतिभागियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल के बाद अभियान को ठोस निष्कर्ष तक पहुंचाने और कार्यान्वयन योग्य फैसलों पर तेजी से काम होगा.
सीमा के दोनों ओर के लोगों के लिए अहम है यह नदी
सरिसवा नदी का प्रदूषण लंबे समय से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की प्रमुख पर्यावरणीय समस्याओं में शामिल रहा है.
नदी के प्रदूषित होने से वीरगंज और रक्सौल के लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में बैठक में हुई चर्चा को सीमा क्षेत्र में नदी संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनोज कुमार गुप्ता
मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










