बच्चे नहाने पहुंचे तो तालाब में दिखा मगरमच्छ, पूरे गांव में मच गई अफरा-तफरी, रातभर पहरा दे रहे ग्रामीण

तालाब किनारे मगरमच्छ
पूर्वी चंपारण के बरकुरवा गांव में तालाब में विशालकाय मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए ग्रामीण रातभर पहरा दे रहे हैं. वन विभाग से इसे पकड़कर हटाने की मांग की गई है.
East Champaran News: पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सोनवल पंचायत स्थित बरकुरवा गांव के एक तालाब में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. मगरमच्छ के रिहायशी इलाके के करीब पहुंचने से लोगों ने बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.
ग्रामीणों का कहना है कि अब शाम ढलने के बाद तालाब के आसपास जाने से लोग बच रहे हैं.
नहाने गए बच्चों ने सबसे पहले देखा मगरमच्छ
गुरुवार शाम कुछ बच्चे तालाब में नहाने गए थे. इसी दौरान उन्होंने पानी में तेज हलचल देखी. पहले उन्हें लगा कि कोई बड़ी मछली होगी, लेकिन जब उन्होंने ध्यान से देखा तो एक विशाल मगरमच्छ मछली का शिकार करता हुआ दिखाई दिया.
इसके बाद बच्चे घबराकर गांव की ओर भागे और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी.
गंडक नदी के जलस्तर से जुड़ रही आशंका
ग्रामीणों का मानना है कि गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण मगरमच्छ तालाब तक पहुंच गया है. हाल के दिनों में तटवर्ती इलाकों में जलीय जीवों और हिंसक जानवरों के गांवों की ओर आने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं.
हालांकि मगरमच्छ के तालाब तक पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि वन विभाग की ओर से नहीं की गई है.
रातभर पहरा दे रहे ग्रामीण
मगरमच्छ दिखने के बाद गांव में डर का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि वे रात के समय निगरानी कर रहे हैं, ताकि मगरमच्छ किसी पालतू पशु या व्यक्ति पर हमला न कर सके.
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि मौके पर टीम भेजकर मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर रिहायशी इलाके से हटाया जाए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By हिमांशु कुमार
हिमांशु पिछले 11 वर्षों से समाचार लेखन, संपादन के कार्य में सक्रिय हैं. इन्हें प्रशासनिक खबरों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों, खेल, बाजार तथा विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों पर सटीक और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग करने में विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










