मोतिहारी: पिता बना हैवान, छह वर्षीय पुत्री को बेरहमी से पीटकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस और मौके पर मौजूद स्थानीय लोग

मोतिहारी के चकिया में एक पिता द्वारा अपनी छह वर्षीय पुत्री की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

चकिया, मोतिहारी से निर्मल मिश्रा की रिपोर्ट

Motihari News: चकिया नगर परिषद क्षेत्र के बरमदिया वार्ड संख्या-2 में एक पिता द्वारा अपनी छह वर्षीय पुत्री की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया है.

नशे की हालत में की वारदात

मृत बच्ची के पिता की पहचान चंदेश्वर साह, पिता स्वर्गीय राम अयोध्या साह के रूप में हुई है. घटना रविवार अपराह्न करीब चार बजे की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर में मारपीट करता था. आरोप है कि रविवार को उसने अपनी छह वर्षीय पुत्री की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

नाक और मुंह से निकल रहा था खून

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्ची के नाक और मुंह से खून निकल रहा था. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने बच्ची के सीने और पेट पर गंभीर चोट पहुंचाई थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई.

पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.

मां का रो-रोकर बुरा हाल

बताया जाता है कि आरोपी चंदेश्वर साह की शादी वर्ष 2019 में हुई थी. वह अपने परिवार के साथ अलग रहता था. मृत बच्ची के अलावा उसका एक दो वर्षीय पुत्र भी है. घटना के बाद बच्ची की मां रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों और आसपास के लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है.

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. मृत बच्ची की मां रेखा देवी का बयान दर्ज किया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन