मोतिहारी: मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के लिए आवेदन शुरू, मिलेंगे 15,000 तक

AI जेनरेटेड इमेज
बिहार सरकार ने अल्पसंख्यक विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस योजना से मेधावी छात्र-छात्राओं को 10,000 से 15,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि मिलेगी. आवेदन अब पूरी तरह से ऑनलाइन होगा, जिससे छात्रों को सुविधा होगी.
Bihar Scholarship 2026: बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई से शुरू कर दी है. इस योजना के तहत अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी छात्र-छात्राओं को 10 हजार से 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इस बार आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है. अब विद्यार्थियों को जिला कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी और वे घर बैठे आवेदन कर सकेंगे.
पूरी तरह ऑनलाइन हुई आवेदन प्रक्रिया
जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी मो. साजिद ने बताया कि सरकार ने इस बार ऑफलाइन आवेदन व्यवस्था समाप्त कर दी है. सभी पात्र विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से आवेदन करना होगा. इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान होगी तथा छात्रों का समय भी बचेगा.
किसे मिलेगी कितनी प्रोत्साहन राशि?
योजना के तहत अलग-अलग परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को अलग-अलग राशि दी जाएगी।
- फौकानिया परीक्षा (बिहार मदरसा शिक्षा बोर्ड): प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले सभी अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को 10,000 रुपये।
- इंटरमीडिएट/मौलवी परीक्षा: प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाली अल्पसंख्यक छात्राओं को 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि।
यह राशि लाभार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का बिहार का स्थायी निवासी होना आवश्यक है. इसके अलावा आवेदक सरकार द्वारा अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, सिख, जैन, पारसी, बौद्ध और ईसाई) से संबंधित होना चाहिए. छात्र-छात्राओं का बिहार विद्यालय परीक्षा समिति या बिहार मदरसा शिक्षा बोर्ड से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय ने पात्र विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है. आवेदन के लिए छात्र ई-कल्याण पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं. आवेदन के दौरान मार्कशीट, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण और आवासीय प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे.
यह भी पढे़ं: चकिया: घंघटी माई स्थान के पास सड़क पर गिरा विशाल पेड़, आधे घंटे तक केसरिया रोड रहा जाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











