CWG 2026 Day 9: जुडो में भारत को दो गोल्ड और एक सिल्वर, नीरज चोपड़ा पर अब होगी नजरें
नीरज चोपड़ा (फोटो- सोशल मीडिया)
स्कॉटलैंड में CWG 2026 के नौवां दिन भारत को जुडो में दो गोल्ड और एक सिल्वर मिला. वहीं नीरज चोपड़ा पर नजरें होगी. अब देखना होगा कि नीरज चोपड़ा भारत को गोल्ड दिलाने में सफल रहते हैं या नहीं.
यामिनी मौर्य ने जीता रजत, जुडो में भारत का ऐतिहासिक अभियान खत्म
भारत की यामिनी मौर्य ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के महिला 57 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. फाइनल में उन्हें इंग्लैंड की असेल्या टोप्राक के खिलाफ गोल्डन स्कोर तक चले रोमांचक मुकाबले में इप्पोन (100-0) से हार का सामना करना पड़ा.
हर्ष ने जुडो में भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड
भारत के हर्ष सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. फाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ कैट्ज को 10-0 (वाजा-अरी) से एकतरफा अंदाज में हराया और भारत को जुडो में दूसरा ऐतिहासिक गोल्ड दिलाया.
यह स्वर्ण पदक भारत के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि इससे कुछ ही देर पहले अस्मिता डे ने महिला 48 किग्रा वर्ग में देश को कॉमनवेल्थ गेम्स इतिहास का पहला जुडो स्वर्ण पदक दिलाया था. हर्ष की जीत के साथ भारत ने एक ही दिन में जुडो में दो स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए.
कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में इससे पहले भारत ने जुडो में 5 रजत और 6 कांस्य पदक जीते थे, लेकिन स्वर्ण पदक का इंतजार कभी खत्म नहीं हुआ था. अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने इस लंबे इंतजार को खत्म करते हुए भारत को जुडो में पहले दो स्वर्ण पदक दिलाकर नया इतिहास रच दिया.
जुडो में भारत को पहला गोल्ड
भारत की अस्मिता डे ने इतिहास रचते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में जुडो का पहला स्वर्ण पदक जीत लिया. त्रिपुरा की 23 वर्षीय खिलाड़ी ने महिला 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में कनाडा की हाइडी क्वाच को रोमांचक गोल्डन स्कोर मुकाबले में हराकर देश को ऐतिहासिक गोल्ड दिलाया.
फाइनल की शुरुआत अस्मिता के लिए अच्छी नहीं रही. उन्होंने शुरुआती युको गंवाया और एक पेनल्टी भी मिली, जिससे कनाडाई खिलाड़ी ने बढ़त बना ली. लेकिन भारतीय जुडोका ने शानदार वापसी करते हुए निर्धारित समय के बीच स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इसके बाद भी दोनों खिलाड़ी निर्णायक अंक हासिल नहीं कर सकीं, जिससे मुकाबला गोल्डन स्कोर तक पहुंच गया.
अतिरिक्त समय में अस्मिता ने दबाव के बीच बेहतरीन हमला किया और एक और युको हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जुडो में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं.
अरुंधति चौधरी भी फाइनल में
भारत की मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 70 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में उन्होंने मौजूदा चैंपियन वेल्स की रोजी एक्लेस को 4-0 के स्प्लिट डिसीजन से हराया. मुकाबले का तीसरा राउंड बेहद रोमांचक रहा, लेकिन अरुंधति ने संयम बनाए रखते हुए इसे 4-1 से अपने नाम किया और जीत दर्ज की. इस जीत के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया. वहीं, आज बॉक्सिंग के सेमीफाइनल में भारत की यह लगातार चौथी जीत रही. इससे पहले प्रीति पवार, अंकुश पंघाल और अन्य भारतीय मुक्केबाज भी अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बना चुके हैं.
यामिनी मौर्य फाइनल में
भारत की जुडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 57 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की डोने ब्रेटेनबाख को इप्पोन (100-0) से एकतरफा अंदाज में हराया. इस जीत के साथ यामिनी स्वर्ण पदक मुकाबले में पहुंचने वाली भारत की तीसरी जुडो खिलाड़ी बन गई हैं. इससे पहले अस्मिता डे और हर्ष सिंह भी अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बना चुके हैं. अब भारत के तीनों जुडो खिलाड़ियों का कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है और उनकी नजर गोल्ड मेडल जीतने पर होगी.
जुडो खिलाड़ी अस्मिता डे फाइनल में पहुंची
भारत की जुडो खिलाड़ी अस्मिता डे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में उन्होंने मेजबान स्कॉटलैंड की समर शॉ को कड़े मुकाबले में 1-0 (युको) से हराया. इस जीत के साथ अस्मिता ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है और अब उनकी नजर स्वर्ण पदक पर होगी. फाइनल मुकाबला शुक्रवार को ही खेला जाएगा, जहां वह गोल्ड मेडल के लिए चुनौती पेश करेंगी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए