सांसद महोदय चेत जाइए, वरना बुरा होगा समय! भागलपुर में JDU MP अजय मंडल पर बरसे मंत्री ईं शैलेंद्र; वीडियो वायरल
पथ निर्माण मंत्री ईं शैलेंद्र ने भागलपुर सांसद अजय मंडल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. एक सभा में उन्होंने सांसद को चेतावनी देते हुए कहा कि वे चेत जाएं, वरना आने वाला समय उनके लिए बुरा होगा. मंत्री ने सांसद पर सरकार के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाया.
नवगछिया (भागलपुर). खरीक प्रखंड के काजी कोरैया में पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने भागलपुर सांसद अजय मंडल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. एक सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने सांसद को चेतावनी देते हुए कहा, "सांसद महोदय, आप चेत जाइए, नहीं तो आने वाला समय आपके लिए काफी बुरा होगा." मंत्री के संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सरकार के खिलाफ बयान देने का लगाया आरोप
मंत्री शैलेंद्र ने कहा कि अजय मंडल को भाजपा-जदयू गठबंधन ने टिकट देकर दो बार विधायक और दो बार सांसद बनाया. इसके बावजूद वे सरकार के विरोध में बयान देते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद कभी बेली ब्रिज में घोटाले की बात करते हैं तो कभी काजी कोरैया में कटाव निरोधी कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हैं.
उन्होंने कहा कि यदि किसी काम को लेकर सांसद को आपत्ति है तो वे सरकार में अपनी बात रख सकते हैं. मंत्री के अनुसार सोशल मीडिया पर बयान देकर सरकार को बदनाम करने के बजाय उन्हें संबंधित स्तर पर अपनी बात रखनी चाहिए.
दो साल बाद फिर वोट मांगने आने का किया जिक्र
मंत्री ने कहा कि करीब दो साल बाद लोकसभा चुनाव होना है और सांसद फिर जनता के बीच वोट मांगने आएंगे. उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी.
विधानसभा चुनाव की प्रतिद्वंद्वी पर भी किया कटाक्ष
सभा के दौरान मंत्री शैलेंद्र ने पिछले विधानसभा चुनाव में उनकी प्रतिद्वंद्वी रही प्रत्याशी पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि चुनाव में उन्हें 61 हजार वोट कैसे मिले और यह वोट किसने दिया, यह जनता जानती है. उन्होंने जाति आधारित राजनीति से ऊपर उठने की अपील करते हुए कहा कि राजनीति में जाति-पात के आधार पर लोगों को बांटने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की.
कटाव निरोधी कार्य में घोटाले के आरोप पर दी सफाई
काजी कोरैया में कटाव निरोधी कार्य को लेकर लगाए जा रहे कथित घोटाले के आरोपों पर मंत्री ने कहा कि कुछ लोग काम में अनियमितता की बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और इस बार कटाव निरोधी कार्य में पाइलिंग करायी जाएगी. उन्होंने कहा कि बांध को सुरक्षित रखने के लिए आरसीसी की दीवार खड़ी की जाएगी, ताकि कटाव से क्षेत्र को बचाया जा सके.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा मंत्री का वीडियो
काजी कोरैया में दिए गए मंत्री शैलेंद्र के संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. वीडियो में मंत्री सांसद अजय मंडल के बयानों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें राजनीतिक रूप से चेतावनी देते नजर आ रहे हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए