बप्पा के स्वागत में झूमा कोडरमा, जगह-जगह हो रही पूजा
झुमरीतिलैया गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा. शहर के विभिन्न पूजा पंडालों, मंदिरों और घरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहाँ गणपति बप्पा की जयघोष गूंज उठा.
झुमरीतिलैया: गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सोमवार को पूरा जिला भक्ति, उल्लास और श्रद्धा के रंग में पूरी तरह सराबोर हो गया. पूजा को लेकर शहर के विभिन्न गणेश पूजा पंडालों, मंदिरों और घरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमाओं के पट खोले गए और प्रथम पूजन के साथ पूरा वातावरण ''''गणपति बप्पा मोरया'''' के जयघोष से गूंज उठा. महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना कर विघ्नहर्ता से सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की. गांधी स्कूल रोड स्थित शिव मंदिर प्रांगण में गणपति बप्पा का आगमन इस वर्ष विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. भव्य सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक पंडाल श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं. मंदिर परिसर में लगे मेले में खाने-पीने के स्टॉल, बच्चों के झूले और मनोरंजन की विभिन्न व्यवस्थाओं का लोगों ने भरपूर आनंद लिया. पूजा समिति के सदस्य ने बताया कि प्रति दिन पूजा अर्चना के साथ महाआरती और विद्यालयी बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति और सम्मान समारोह का आयोजन होगा जिसमें शहर के कई स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे.
पूर्णिमा टॉकीज पंडाल का महामंडलेश्वर ने किया उद्घाटन
इधर, पूर्णिमा टॉकीज के पीछे कृष्णा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा बंगाल की दुर्गा पूजा की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया गया है. यहां 15 फीट ऊंची आकर्षक गणपति प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसने पहले ही दिन श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. पंडाल का उद्घाटन महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने किया. समिति के सचिव रंजय कुमार सिंह ने बताया कि चार दिवसीय महोत्सव के दौरान सोमवार को भव्य संध्या आरती, मंगलवार को आरती के साथ रात्रि में भक्ति जागरण, बुधवार को स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह तथा गुरुवार को आकर्षक झांकी और नगर भ्रमण के साथ गणपति विसर्जन किया जाएगा. कार्यक्रम को सफल बनाने में कृष्णा वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विकाश कुमार सिंह, कोषाध्याक्छ जानू सिंह, सचिव रंजय कुमार सिंह उर्फ छोटे सिंह, अरुण कुमार सिन्हा, सुजीत सिंह, राजा सिंह, अमित सिंह, गुलशन सिंह, अलोक सिंह, वीर सिंह, रोशन कुमार, अरिहंत, रौनक, राजू, पवन, गोपाल सिंह, गुड्डू, गौरी भगत, पीयूष सिंह आदि लगे हैं.
पुराना बस स्टैंड में आठ फीट की प्रतिमा आकर्षण
आदर्श नगर सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, पुराना बस स्टैंड में भी आठ फीट ऊंची गणपति प्रतिमा स्थापित कर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है. यहां पंडाल का उद्घाटन झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर व उपाध्यक्ष मनोहर कुमार राम ने संयुक्त रूप से किया. समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पांच दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन पूजा-अर्चना, महाआरती, भक्ति जागरण, भंडारा तथा अंतिम दिन विशाल झांकी के साथ विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी.
निवास स्थल में विराजे गणपति बप्पा
दीना नाथ कैंपस, बचपन प्ले स्कूल के समीप दयानंद भदानी के निवास स्थल पर गणपति बप्पा की प्रतिमा श्रद्धा व भक्ति के साथ स्थापित की गई. यहां पिछले तीन वर्षों से लगातार गणेश प्रतिमा स्थापित कर सात दिनों तक विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है. परिवार के सदस्य कृष्णा भदानी, मुरारी भदानी, राजेश भदानी एवं हर्ष भदानी सहित सभी सदस्यों ने शहरवासियों से प्रतिदिन आरती एवं पूजन में शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है. साथ ही शहरभर में कई घर-घर भी गणेश जी की विधिवत पूजा हुई. श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर मोदक, लड्डू और मिठाइयों का भोग अर्पित किया. पहले ही दिन झुमरीतिलैया की गलियां भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंजती रहीं, जिससे पूरा शहर गणेशोत्सव की दिव्य आस्था में डूबा नजर आया.







आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए