मां आज भी गांव में रसोइया, बेटा बना लंदन के शाही परिवार में शेफ, मोतिहारी के नंदकिशोर की कहानी

Updated:
विज्ञापन

लाल घेरा में शेफ नंद किशोर यादव

मोतिहारी के एक साधारण परिवार में जन्मे शेफ नंदकिशोर यादव ने 25 साल के संघर्ष और मेहनत से अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई. अब उन्हें ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III और क्वीन कैमिला की रॉयल गार्डन पार्टी में शामिल होने का गौरव मिला है.

विज्ञापन

Nand Kishore Yadav Chef: मोतिहारी के तेतरिया प्रखंड अंतर्गत नरहा पन्नापुर पंचायत के हनुमान नगर गांव निवासी शेफ नंद किशोर यादव ने अपने करीब 25 साल के करियर में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्हें स्कॉटलैंड के एडिनबरा स्थित ऐतिहासिक पैलेस ऑफ होलीरूडहाउस में आयोजित प्रतिष्ठित रॉयल गार्डन पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण मिला. समारोह की मेजबानी ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III और क्वीन कैमिला ने की.

गांव के साधारण परिवार से शाही पैलेस तक पहुंचने का सफर

नंद किशोर यादव का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ. उनके पिता स्व. उदय चंद्र राय का करीब 15 वर्ष पहले निधन हो चुका है, जबकि उनकी मां मालती देवी आज भी गांव के एक सरकारी स्कूल में रसोइया के रूप में कार्य करती हैं.

स्थानीय मुखिया पूनम देवी के अनुसार नंद किशोर की शुरुआती पढ़ाई ग्रामीण परिवेश में हुई. सीमित संसाधनों और संघर्षों के बीच उन्होंने मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई.

1999 में राजस्थान की होटल रसोई से शुरू हुआ करियर

शेफ नंद किशोर यादव ने अपने कुकिंग करियर की शुरुआत वर्ष 1999 में राजस्थान के लग्जरी होटलों से की. भारतीय व्यंजनों में विशेषज्ञता हासिल करने के बाद उन्होंने अमेरिका में Carnival Cruise पर काम किया, जहां अंतरराष्ट्रीय शेफ के साथ काम करते हुए उन्होंने वर्ल्ड कुजीन की बारीकियां सीखीं.

वर्ष 2007 में वे ब्रिटेन पहुंचे. वहां उन्होंने प्रसिद्ध ब्रिटिश सेलिब्रिटी शेफ गॉर्डन रामसे के नेतृत्व में भी काम किया.

फ्रेंच से साउथ अमेरिकन कुजीन तक महारत

करीब 25 वर्षों के करियर में नंद किशोर यादव ने फ्रेंच, इटैलियन, मेडिटेरेनियन और साउथ अमेरिकन कुजीन में विशेषज्ञता हासिल की है. उन्हें खास तौर पर फ्यूजन कुजीन के लिए पहचान मिली है.

उनके करियर का यह सफर ग्रामीण बिहार से शुरू होकर राजस्थान, अमेरिका और फिर ब्रिटेन तक पहुंचा, जहां उन्होंने हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई.

यह भी पढ़ें: पैसों की कमी से अब नहीं रुकेगी पढ़ाई? मोतिहारी के 19 हजार छात्रों को मिला 4 लाख तक शिक्षा लोन

किंग चार्ल्स की रॉयल गार्डन पार्टी में मिला निमंत्रण

पैलेस ऑफ होलीरूडहाउस में आयोजित रॉयल गार्डन पार्टी ब्रिटिश शाही परिवार के महत्वपूर्ण वार्षिक आयोजनों में शामिल है. इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चुनिंदा लोगों को आमंत्रित किया जाता है.

शेफ नंद किशोर यादव ने इस निमंत्रण को अपने जीवन का बेहद गर्व और सम्मान का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि भारत से ब्रिटेन आकर करियर बनाने के बाद ऐतिहासिक शाही पैलेस में आमंत्रित होना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है.

शेफ के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय

वर्तमान में नंद किशोर यादव लंदन के पास होलीपोर्ट गांव के लोकप्रिय पब The White Hart से जुड़े हुए हैं. पुरस्कार विजेता शेफ के रूप में पहचान बनाने के साथ वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं.

उन्होंने Mission Possible पहल के जरिए स्थानीय समुदाय और पब के बीच जुड़ाव मजबूत करने का प्रयास किया है. वहीं Ninaya Catering के माध्यम से दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड में प्रामाणिक भारतीय व्यंजनों को बढ़ावा दे रहे हैं.

मोतिहारी के लिए गर्व का पल

शेफ नंद किशोर यादव की उपलब्धि को मोतिहारी और पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है. साधारण ग्रामीण परिवार से निकलकर ब्रिटेन के शाही समारोह तक पहुंचने की उनकी कहानी संघर्ष, मेहनत और निरंतर सीखने की मिसाल पेश करती है.

यह भी पढ़ें: अब दफ्तरों का चक्कर नहीं, डीही पकड़ी में एक ही जगह मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधा


विज्ञापन
सच्चिदानंद सत्यार्थी

लेखक के बारे में

By सच्चिदानंद सत्यार्थी

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन