कोर्ट परिसर से मास्टर चाबी के सहारे बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहा शातिर गिरफ्तार
मोतिहारी में कोर्ट परिसर से बाइक चोरी की कोशिश कर रहे एक शातिर चोर को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया है। उसके पास से मास्टर चाबी और चोरी की बाइक बरामद हुई है, जिसका नंबर प्लेट बदलने की योजना थी।
Court Bike Theft: मोतिहारी शहर की नगर थाना पुलिस ने कोर्ट परिसर से एक बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहे एक शातिर चोर को रंगे हाथ दबोच लिया है. उसके कब्जे से एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस बाइक और एक मास्टर चाबी बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक पहले भी कई बार बाइक चोरी के मामलों में जेल की हवा खा चुका है.
Crime News: संदिग्ध हालत में घूम रहा था चोर, भागने के दौरान पकड़ाया
नगर थाने के इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक कोर्ट कैंपस में घूम रहा है और अलग-अलग बाइकों पर बैठकर उन्हें खोलने का प्रयास कर रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए तुरंत पुलिस टीम कोर्ट परिसर भेजी गई. दोपहर करीब एक बजे गेट नंबर-1 के पास पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को बाइक लेकर मुख्य सड़क की ओर जाते देखा. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा. हालांकि, पुलिस बल के सहयोग से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया.
नंबर प्लेट बदलकर बेचने की थी योजना, पूर्व का भी है आपराधिक इतिहास
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कुमार (पिता रामदेव साह, निवासी बेरिया बजरिया, थाना पिपरा, पूर्वी चंपारण) के रूप में हुई है. पुलिस द्वारा कागजात मांगने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी कर रहा था और साथियों के साथ मिलकर नंबर प्लेट बदलकर उसे बेचने की फिराक में था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ चकिया और भोपालपुर थाने में पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









